सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। इलाके में पड़ रही तेज गर्मी और उमस के साथ बार-बार बिजली के लग रहे अघोषित कट कोठ में खाज का काम कर रहे हैं। सुबह से तेज गर्मी और उमस का दौर देर रात जारी रहने से लोगों की नींद में भी खलल पड़ रहा है। रात के समय न्यूनतम तापमान में कमी नहीं आने से लोग चैन की नींद तक नहीं सो पा रहे। रविवार को शहर के कई इलाकों में आई मामूली बूंंदाबांदी के बाद बढ़ी उमस ने लोगों को हलकान किया।
आलम यह रहा कि घर में बन्द लोग जैसे ही अपने घर का मुख्य दरवाजा खोलते तो उसके साथ ही आने वाली गर्म हवा बदन को झुलसाने का एहसास कराती। गर्मी और उमस के कारण कूलर और पंखे भी राहत नहीं पहुंचा पा रहे। गर्मी के चलते लोग डिहाइड्रेशन का शिकार होने लगे हैं। पिछले कई दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज नहीं की गई। रविवार को अधिकतम तापमान अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में कमी नहीं होना ही गर्मी अधिक होेने का मुख्य कारण माना जा रहा है। दोपहर में कूलर के आगे बैठे लोग भी उमस के कारण पसीने से तर-बतर होते रहे। दिन और रात के तापमान में 11.5 डिग्री सेल्सियस का ही अंतर है। रात के समय छतों पर भी हवा का एहसास नहीं होता। पिछले कई दिनों से इस तरह के मौसम के कारण जहां हर कोई परेशान है वहीं प्रशासन द्वारा इससे लोगों को राहत दिलाने के लिए कोई खास प्रयास नहीं किया जा रहा है।