वाहन हो रहे दुर्घटना ग्रस्त, विभाग व जनप्रतिनिधि नहीं ले रहे सुध
कैंचियां (सीमा सन्देश न्यूज)। हनुमानगढ़ पदमपुर मुख्य मार्ग गड्ढों वाली सड़क जी हां कैंचियां से लेकर सी सी हेड तक यह सड़क इस कदर तक जर्जर हो चुकी है कि अगर अब इसे गड्ढों वाली सड़क कहा जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी बुरी तरह जर्जर अवस्था में हो चुकी इस सड़क में जगह जगह बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं अब इस सड़क पर वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी काफी मुश्किल काम है इस सड़क पर आए दिन वाहन दुर्घटना ग्रस्त होकर क्षतिग्रस्त हो रहें हैं। सड़क का निर्माण करवाने को लेकर क्षेत्र के नागरिकों ने कई बार बीझंबायला उप तहसील कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन कर मांग भी की है परन्तु विभाग व जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते इस मार्ग के हालात बद से बद्तर हो गए हैं कैंचियां से दो किलोमीटर दूरी पर स्थित गांव जोड़कियां से लेकर सी सी हेड तक करीब पच्चीस किलोमीटर के अंतराल तक यह सड़क करणपुर विधानसभा क्षेत्र में है क्षेत्र के लोग इस सड़क की जर्जर दशा के बारे में विधायक को भी अवगत करवा चुके हैं। कुछ माह पूर्व कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पदमपुर दौरे के दौरान उनका काफिला इस मार्ग से होकर आगे गुजरा था उस समय विभाग के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने अपनी नाकामी छुपाने के लिए इस सड़क की मामूली मरम्मत कर लीपा पोती कर दी थी उसके बाद मात्र कुछ समय में ही इस सड़क की हालात पहले से कहीं ज्यादा खराब हो गई अब इस सड़क पर वाहन चलाना मुश्किलों भरा है जगह जगह बनें गड्ढे हादसों को अंजाम दे रहें हैं वहीं विभाग के अधिकारी व जनप्रतिनिधियों को सुध लेने का वक्त तक नहीं है बताया जा रहा है कि अब एक बार फिर विधायक के प्रयासों से मरम्मत का कार्य शुरू हो सकता है वैसे इस मुख्य सड़क की मरम्मत अनेकों बार हो चुकी है परन्तु पुन: निर्माण अभी तक नहीं करवाया गया है।