सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। स्वास्थ्य विभाग ने कोविड की पहली व दूसरी लहर में बेहतरीन कार्य किया और अब तीसरी लहर में उससे भी अधिक मेहनत कर आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवानी होगी। इसके लिए अभी से ठोस तैयारी करनी होगी। यह निर्देश जिला कलेक्टर जाकिर हुसैन ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि तीसरी लहर आने को है, इसलिए अभी से तैयारी करें। अब जो भी मरीज आएं, उनकी कॉन्टेक्ट हिस्ट्री देखें और सभी का सैंपल लें। कनसन्ट्रेटर का ध्यान रखें, संसाधनों की सार संभाल अभी कर लें, दवाओं का स्टॉक पूरा हो, समस्त स्टाफ प्रशिक्षित व अलर्ट हो और राज्यस्तर से जो सूचना मांगी जाए वे तत्काल भेजें। मौसमी बीमारियों को लेकर सर्वे कार्य जारी रखें। दूषित पेयजल आदि से होने वाली बीमारियों से बचाव करवाएं। मलेरिया या डेंगू का मरिज आते ही आवश्यक गतिविधि करवाएं। कोविड के साथ साथ अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी सुदृढ करें ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो। जितने अधिक टीके लगेंगे, उतना ही हमारा जिला सुरक्षित रहेगा।