बीकानेर. बारिश का मौसम है और शहर में जगह-जगह सड़कों पर खतरनाक गड्ढे हो रखे है। शहर में दस-बारह मुख्य सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। बरसात का पानी भरने पर राहगीर जब इन सड़कों से गुजरते है तो उनकी जान जोखिम में होने जैसे हालात रहते है। हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। कई जगहों पर सड़कों में सीवर लाइन के चैम्बर खुले पड़े है। तो कुछ जगह सड़कों किनारे खुले पड़े नाले हादसों को न्यौता दे रहे है। जिम्मेदार अधिकारी इन रास्तों से निकलते जरूर है लेकिन इन खतरों को हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं करते।
इन जगहों पर टूटी सड़कें, खुले चैम्बर
शहर में कई जगहों पर सड़कें टूटी पड़ी है तो सीवर लाइन के चैम्बर खुले पड़े है। पीबीएम अस्पताल में सुपर सस्पेशलिटी सेंटर के सामने नाला खुला पड़ा है। मेडिकल कॉलेज चौराहे के पास सीवर लाइन जाम होने से गंदा पानी इक_ा होने से गहरा गड्ढा बन गया है। आसपास के दुकानदार का कहना है कि पिछले कई दिनों से ये गड्ढ़ा है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। कई बार शिकायत की लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। पीबीएम परिसर में ट्रॉमा सेंटर के पास चैम्बर का ढक्कन टूटा हुआ है।