सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। जिले के विभिन्न कस्बों और गांवों में बुधवार को बारिश हुई। कुछ जगहें ऐसी हैं, जहां बूंदाबांदी हुई और कुछ स्थानों पर बिन बरसे बादल लौट गए। श्रीगंगानगर शहरी क्षेत्र में सुबह 8-9 बजे के करीब बारिश हुई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर को निकली धूप के बाद उमस होने लगी। शाम को फिर बादल छा गए। शाम को काली घटाओं से आसमान घिरा रहा। लेकिन शाम के समय शहरी क्षेत्र में बारिश नहीं हुई। आसपास एरिया में कुछ जगह मामूली बारिश हुई। रायसिंहनगर व केसरसिंहपुर क्षेत्र के आसपास सुबह बारिश हुई। पदमपुर के आसपास शाम को बारिश हुई।
क्षेत्र में गांवों में जोरदार बारिश से किसानों ने राहत महसूस की है। श्रीगंगानगर शहर में सुबह 10.8 एमएम बारिश हुई। देर शाम तक बादलों की आवाजाही जारी रही। क्षेत्र में सिंचाई पानी की मांग किसानों द्वारा काफी समय से की जा रही है। अब हुई बारिश नरमा-कपास व अन्य फसलों के लिए पानी की पूर्ति करेगी। श्रीगंगानगर शहर से सटे व दूरस्थ गांवों में कई जगह जोरदार बारिश हुई है। किसानों ने बताया कि समय रहते हुई इस बारिश का लाभ निश्चित तौर पर मिलेगा।
सादुलशहर क्षेत्र के गांव पन्नीवाली, गोधूवाली, चक 12 एसपीएम आदि क्षेत्रों में बारिश हुई।
अरायण गांव में दिनभर अच्छी बरसात हुई। किसानों ने फसलों के लिए इस बारिश को फायदेमंद बताया। वहीं गर्मी से भी लोगों ने राहत महसूस की। गांव की गलियों में पानी भर गया। लाखों खर्च करने के बावजूद गौरवपथ, बालिका स्कूल वाली गली, सीनियर सेकंडरी स्कूल व ग्रामपंचायत मुख्यालय के सामने पानी जमा हो गया।
रतेवाला। गांव मे शाम पांच बजे तेज बरसात हुई, जो लगातार 40 मिनट तक चलती रही। किसानों ने बारिश से राहत महसूस की। स्कूल के खेल मैदान व बस स्टैंड पर दो दो फीट पानी भर गया। गलियों में करीब 10 से 11 अंगुल बारिश हुई।
फकीरवाली से घोडेÞला के अनुसार बुधवार को क्षेत्र में 5 से 10 अंगुल तक बरसात हुई। क्षेत्र के 30, 31, 39, 1, 49, 50, 52 आरबी, गंगूवाला, जलौकी, तामकोट, 3 आरबी ए व बी, 8इइए आदि गांवों में भी अच्छी बरसात हुई।
रायसिंहनगर संवाददाता के अनुसार सुबह के बाद शाम 4 बजे के करीब बारिश शुरू हुई, जो करीब 50 मिनट तक चली। मूसलाधार बारिश से शहर की गलियां पानी से लबालब हो गई। बारिश ने सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी।
कचहरी रोड, गुरुद्वारा रोड पर पानी भर गया। पार्षदों ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से सफाई व्यवस्था को लेकर हंगामा कर रहे हैं। नगर पालिका सफाई कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं। अब शहर में पानी भर गकया।
श्रीकरणपुर। बुधवार प्रात: 7 बजे सावन की पहली बरसात का आगमन हुआ। वहीं लगभग 20 मिनट तक क्षेत्रभर में अच्छी बरसात के समाचार हैं। सुबह बरसात शुरू होते ही बिजली बंद हो गई जोकि दोपहर बाद सुचारू हो सकी। इस बरसात से फसलों को फायदा होगा। बरसात के बाद भी उमस का प्रभाव कम नहीं हुआ।
समेजा कोठी गांव में बुधवार को जमकर बारिश हुई। शाम को भी बादलों ने यहां डेरा डाले रखा।