Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अव्यवस्थाओं के बीच कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लगा मंगल टीका

  • जंक्शन की आरसीपी कॉलोनी व दुर्गा मंदिर स्थित वैक्सीनेशन केन्द्र पर हुआ हंगामा
  • केन्द्र पर कोवैक्सीन की द्वितीय डोज आवंटित होने के बावजूद कोविशील्ड व प्रथम डोज लगवाने वालों को टोकन बांटने के लगाए आरोप
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए गुरुवार को जिले में 192 टीकाकरण केन्द्रों पर कोविड-19 वैक्सीनेशन हुआ। वैक्सीनेशन करवाने के लिए लोगों की सुबह से ही टीकाकरण केन्द्रों पर कतारें लग गई। द्वितीय डोज वालों को प्राथमिकता देने के कारण पहली डोज लगवाने आए अधिकतर लोगों को वैक्सीन समाप्त होने पर केन्द्रों से खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। द्वितीय डोज लगवाने वालों की भी संख्या अधिक होने के कारण कई टीकाकरण केन्द्रों से द्वितीय डोज वाले भी बिना वैक्सीन लगवाए वापस लौटते नजर आए। कई टीकाकरण केन्द्रों पर अव्यवस्थाएं भी हावी रही। जिला मुख्यालय पर जंक्शन की आरसीपी कॉलोनी स्थित सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में बनाए गए टीकाकरण केन्द्र पर नागरिकों ने हंगामा कर दिया। इस केन्द्र पर सिर्फ कोवैक्सीन की 200 डोज आवंटित हुई थी जो प्राथमिकता के आधार पर दूसरी डोज वाले उन नागरिकों को लगाई जानी थी जिन्हें कोवैक्सीन की पहली डोज लगवाए 28 दिन अथवा इससे अधिक दिन हो गए हैं। इस केन्द्र पर कोवैक्सीन की द्वितीय डोज आवंटित होने के बावजूद कोविशील्ड व प्रथम डोज लगवाने वालों को टोकन बांटने के आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा कर दिया। विरोध जता रहे नागरिकों का कहना था कि जब उन्होंने इस बारे में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से बात की तो उनका कहना था कि उन्होंने गलती से कोविशील्ड व प्रथम डोज वालों को टोकन बांट दिए हैं। जबकि कोवैक्सीन की द्वितीय डोज वालों को वैक्सीन लगाई जानी थी। नागरिकों का कहना था कि भीड़ अधिक होने के कारण कोवैक्सीन की द्वितीय डोज लगवाने आए लोगों को टोकन नहीं मिले। जबकि ऐसे नागरिकों को टोकन बांट दिए गए जिन्होंने पहली डोज लगवानी थी। भीड़ में कई लोग ऐसे थे जिन्हें कोविशील्ड की दूसरी डोज लगवानी थी, उन्हें भी टोकन बांट दिए गए। इसलिए कोवैक्सीन की द्वितीय डोज लगवाने वाले वैक्सीन लगवाने से वंचित हो गए। वहीं कोविशील्ड की दूसरी डोज लगवाने वाले बुजुर्ग भी सुबह से लाइन में खड़े रहकर परेशान होते रहे। आक्रोशित नागरिकों ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि हर बार इस केन्द्र पर अव्यवस्था रहती है। उन्होंने व्यवस्था में सुधार की मांग की। विरोध जताने वालों में गौरीशंकर निवासी सुरेशिया, तारादेवी निवासी सेक्टर 12 सहित कई अन्य महिलाएं व पुरुष शामिल थे। उधर, केन्द्र पर चिकित्सा कर्मी अविनाश का कहना था कि उन्होंने सुबह लाइन में लगे लोगों को कहा गया था कि प्रथम डोज वालों को अन्य केन्द्र पर जाने और इस केन्द्र पर सिर्फ कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने वालों को रूकने के लिए कहा गया था। उन्होंने कोविशील्ड के नाम पर किसी को टोकन वितरित नहीं किए। जो टोकन वितरित किए गए उन पर बकायदा यह लिखा गया था कि कोवैक्सीन की दूसरी डोज लग रही है। उधर, जंक्शन की दुर्गा मंदिर में बनाए गए टीकाकरण केन्द्र में भी नागरिकों ने हंगामा कर दिया। यहां नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग पर भेदभाव करने के आरोप लगाए। गौरतलब है कि बुधवार को जिले को निदेशालय से कोविशील्ड की 18500 एवं कोवैक्सीन की 8000 डोज प्राप्त हुई थी। गुरुवार को मुख्य रूप से द्वितीय डोज ही लगाई गई। कोवैक्सीन की प्राप्त 8000 डोज केवल द्वितीय डोज के लगाई गई जबकि कोविशील्ड की 18500 डोज में से 30 प्रतिशत प्रथम डोज वालों को एवं 70 प्रतिशत द्वितीय डोज वालों को लगाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *