श्रीगंगानगर से हनुमानगढ़ आ रहे आगरा के स्वर्णकार के साथ हुई वारदात
सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे संदिग्ध महिला-पुरुष की तलाश में जुटी पुलिस हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। श्रीगंगानगर से राजस्थान लोक परिवहन बस में सवार होकर हनुमानगढ़ आए आगरा के स्वर्णकार का रास्ते में चांदी व नकदी से भरा बस से गायब हो गया। बैग में करीब पांच किलोग्राम चांदी व डेढ़ लाख रुपए की नकदी बताई जा रही है। बस से चांदी व नकदी भरा बैग गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कम्प मच गया। हरकत में आई जंक्शन पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बस से उतरे संदिग्ध महिला-पुरुष की तलाश में पुलिस जुटी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को आगरा के आकाश नामक स्वर्णकार ने जंक्शन पुलिस थाना में दूरभाष पर सूचना दी कि वह चांदी के गहनों की सप्लाई करता है। शुक्रवार को श्रीगंगानगर में गहनों की सप्लाई देकर राजस्थान लोक परिवहन की बस में हनुमानगढ़ के लिए रवाना हुआ। श्रीगंगानगर से रवाना होते समय उसके पास बैग में पांच किलोग्राम चांदी व डेढ़ लाख रुपए की नकदी थी। बस में बैठते समय उसने बैग अपने पास रख लिया। जब बस हनुमानगढ़ जंक्शन बस स्टैंड पर पहुंची तो चांदी व नकदी से भरा उसका बैग गायब था। सूचना पर पुलिस ने जंक्शन बस स्टैंड से लेकर श्रीगंगानगर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज चैक करने के दौरान रेलवे ओवरब्रिज व रोडवेज डिपो के पास उक्त बस से संदिग्ध महिला व पुरुष उतरते नजर आए। इनमें से महिला के हाथ में एक बैग भी नजर आ रहा है। दोनों जने बस से उतरकर सड़क पार कर पैदल ही सूरतगढ़ रोड की तरफ जाते फुटेज में नजर आ रहे हैं। उधर, स्वर्णकार आकाश का भी कहना था कि यह दोनों महिला-पुरुष उसके साथ श्रीगंगानगर से बस में सवार हुए थे। संभवतया इन दोनों ने ही बस से उतरते समय उसका बैग चोरी कर लिया। अब पुलिस इन दोनों संदिग्ध महिला-पुरुष की पहचान कर उन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि श्रीगंगानगर से बस में सवार होते समय इन दोनों के पास वह बैग था या नहीं, जो सीसीटीवी फुटेज में महिला के पास नजर आ रहा है। इसके लिए पुलिस की एक टीम श्रीगंगानगर भी भेजी गई है। गाडिय़ा लुहार की वेशभूषा में हैं दोनों संदिग्ध उधर, सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे दोनों संदिग्ध महिला-पुरुष गाडिय़ा लुहार की वेशभूषा में हैं। पुलिस के अनुसार सूरतगढ़ रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर यह बात सामने आई कि दोनों संदिग्ध टेम्पो में सवार होकर सूरतगढ़ रोड की तरफ गए। वे शाम करीब 7 बजे फोरलेन पर गांव मक्कासर से पहले स्थित होटल हवेली के पास से बैलगाड़ी पर अन्यत्र रवाना हुए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों संदिग्ध हनुमानगढ़ या पीलीबंगा तहसील के गांवों में निवास कर सकते हैं। फुटेज में नजर आ रहे दोनों संदिग्धों के बारे में अगर किसी को कोई जानकारी मिलती है तो वे इसकी सूचना तुरंत जंक्शन या स्थानीय पुलिस थाना में दें। पुलिस ने उठाए कई संदिग्ध उधर, इस वारदात के बाद हरकत में आई जंक्शन पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर व गांवों में अलग-अलग जगहों पर बैठे गाडिय़ा लुहारों सहित अन्य घुमंतु जातियों के लोगों के डेरों में पहुंची। उनकी गाडिय़ों पर रखे सामान की तलाशी ली। पुलिस ने जंक्शन में शिव मंदिर के पास सड़क किनारे रह रहे गाडिय़ा लोहारों से पूछताछ कर तलाशी ली। यहां से कुछ संदिग्धों को उठाकर पुलिस थाने ले गई। उधर, गोलूवाला रोड पर स्थित गांव पक्काभादवां से भी पुलिस साटिया जाति के एक पुरुष व महिला को पुलिस थाना ले गई। यह बात भी सामने आई है कि उनके पास से कुछ नकदी व चांदी भी हाथ लगी है। हालांकि समाचार लिखे जाते समय तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि यह सामान साटिया जाति के लोगों का है या स्वर्णकार का। जंक्शन पुलिस संदिग्धों से थाना में पूछताछ में जुटी थी।