हनुमानगढ़. जिले में पल्लू कस्बे में कल रात एक थ्री व्हीलर टेंपो चोरी कर भाग रहे युवक को पुलिस ने नाकाबंदी कर दबोच लिया पकड़ा गया। यह युवक हरियाणा के सिरसा जिले में रानियां तहसील क्षेत्र के गांव निवासी संदीप (23) पुत्र कालूराम धानक है। थाना प्रभारी अमरसिंह ने बताया कि कल रात लगभग 8 बजे पवन नायक (27) निवासी धन्नासर ने अपना थ्री व्हीलर टेंपो बस अड्डे के समीप खड़ा किया और सब्जी लेने के लिए चला गया।वापस आया तो टेंपो नहीं मिला। उसके द्वारा सूचना दिए जाने पर मेगा हाईवे पर नाकाबंदी कर दी गई। लोगों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर एक पुलिस टीम को हाईवे पर दौड़ाया गया। थाना अधिकारी के अनुसार लगभग आधे घंटे बाद ही केलनिया के पास पुलिस टीम को टेंपो दिखाई दे गया। पीछा करने पर संदीप ने हाईवे छोड़ एक कच्चे रास्ते पर टेंपो को भगा ले जाने की कोशिश की। पुलिस को आते देख कर वह टेंपो छोड़कर पैदल ही टिब्बों की तरफ भाग गया, लेकिन उसे देर रात पकड़ लिया गया। पवन कुमार द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर चोरी का मामला दर्ज किया गया। जांच कर रहे हवलदार मुकेश ने बताया कि संदीप धानक नशा करने का आदी है। वह कल अपने गांव से जोधपुर जिले के फलोदी तहसील क्षेत्र को रवाना हुआ था। जहां के एक गांव में वह अपनी जमीन होना बताता है। जाते हुए वह कल देर शाम पल्लू में रुक गया। शराब का सेवन करने के बाद नशे की हालत में वह थ्री व्हीलर टेंपो लेकर भाग गया। उसके पिछले अपराधिक रिकॉर्ड की तस्दीक करने के लिए रानियां थाना पुलिस से जानकारी मांगी गई है।