हनुमानगढ़. गोलूवाला थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध रूप से नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। वही एक पुराने मामले की जांच करते हुए दो व्यक्तियों को गांजा सप्लाई करने के आरोप में पकड़ा है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार ने बताया कि आज बड़े तड़के गांव लोंगवाला के अड्डे पर एक बस से उतरे राजा ओड(50) निवासी डावली राठान को काबू किया गया, जिसके कब्जे से 2340 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पूछताछ करने पर खुलासा हुआ कि राजा जोधपुर जिले में देचू तथा ओसियां से नशीली गोलियां लाकर नशा करने वालों को बेचता है। वह नशीली गोलियां लेने के लिए ही जोधपुर जिले में गया हुआ था।वह पहले भी कई बार वहां से नशीली गोलियां ला चुका है। थानाधिकारी के अनुसार इस बार उसे सिर्फ 2340 नशीली गोलियां ही मिली।वहां गोलियां सप्लाई करने वाले एक शख्स को एडवांस में राजा ने 40 हजार रुपए देकर आना बताया है।यह शख्स उसे बाद में नशीली गोलियां सप्लाई करेगा।इधर, राजा ने यह खुलासा भी किया कि उसने आज नशीली गोलियां डबली राठान में किसी निक्कू नामक व्यक्ति को देनी थी। पुलिस निक्कू की भी तलाश कर रही है। राजा खुद भी नशे की गोलियां खाने का आदी है। थाना अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा गांजा सप्लाई करने के आरोप में प्रकाश भाट निवासी बरकत कॉलोनी और मदनलाल (48) निवासी बिहारी बस्ती हनुमानगढ़ टाउन को गिरफ्तार किया गया है। हनुमानगढ़ सदर थाना पुलिस ने लगभग 6 महीने पहले दो व्यक्तियों को साढे 7 किलो गांजा सहित गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उन्होंने गांजा प्रकाश और मदन से लाना बताया। थाना अधिकारी ने बताया कि तब से इनकी तलाश की जा रही थी। आज दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। अब इनसे आगे पूछताछ की जा रही है।