बीकानेर. में कोटगेट थाना अंतर्गत मॉडल मार्केट में बोथरा कंपलेक्स में आज सुबह एक ऑनलाइन ट्रेडिंग तथा फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में भीषण आग लग जाने से भारी नुकसान हो गया। जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 9 बजे लोगों ने बोथरा कंपलेक्स की पांचवी मंजिल पर आग लगे हुए देखी तो फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। दमकल कर्मी तुरंत ही 2-3 फायर टेंडर लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। लगभग 2 घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।हासिल जानकारी के मुताबिक इस कॉन्प्लेक्स की पांचवी मंजिल पर सुनील सेठिया का ऑनलाइन ट्रेडिंग तथा फाइनेंस का ऑफिस है। यह ऑफिस एक बड़े हॉल सहित तीन चार कमरों में है। आग बड़े हॉल तथा सभी कमरों में लगी, जिससे वहां रखा सारा सामान जल गया। कंप्यूटर फर्नीचर आदि सबकुछ आग की भेंट चढ़ गया। दमकल सूत्रों का कहना है कि रात को किसी समय शॉर्ट सर्किट हो जाने अथवा किसी ऐसी में ब्लास्ट होने से संभवत आग लगी। उस समय किसी को पता नहीं चला। अंदर ही अंदर आग सुलगती रही जो आज सुबह खिड़कियों से बाहर निकलने लगी, तब पता चला। इसी कांपलेक्स में एक होटल भी है, जहां फायर फाइटिंग सिस्टम लगा हुआ है। सूत्रों ने बताया कि एक तो यह फायर फाइटिंग सिस्टम खराब था। दूसरा होटल का कोई कर्मचारी इसे चलाना भी नहीं जानता था। विगत मार्च माह में दमकल विभाग ने बीकानेर में अनेक बड़े भवनों को नोटिस जारी कर फायर ऑडिट करवाने के लिए कहा था। उसमें यह भवन भी शामिल था।