Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

काम की बात:आज से महंगा हुआ गैस सिलेंडर, ATM से पैसे निकालने के लिए भी देना होगा ज्यादा चार्ज; 1 अगस्त से हुए 5 बड़े बदलाव

नई दिल्ली

आज यानी एक अगस्त से देशभर में कई बदलाव हुए हैं। अब से बैंक से होने वाले लेन-देन रविवार और छुट्टियों के दिन भी हो सकेंगे। इसके अलावा अब ATM से पैसे निकालने के लिए आपको ज्यादा शुल्क चुकाना होगा। हम आपको ऐसे 5 बदलावों के बारे में बता रहे हैं जिनका असर आप पर पड़ेगा।

छुट्‌टी वाले दिन भी मिलेगी सैलरी और पेंशन
अब बैंक से होने वाले लेन-देन रविवार और छुट्टियों के दिन भी हो सकेंगे। RBI ने नेशनल ऑटोमेटेड क्लियरिंग हाउस (NACH) सिस्टम को सातों दिन चालू रखने का फैसला किया है। यानी अब आपको अपनी सैलरी या पेंशन के लिए शनिवार और रविवार यानी वीकेंड के गुजरने का इंतजार नहीं करना होगा।

इसके अलावा छुट्टी वाले दिन आपके अकाउंट से किस्त भी कटेगी। सैलरी, पेंशन और EMI पेमेंट जैसे जरूरी ट्रांजैक्शंस के लिए अब वर्किंग डेज का इंतजार नहीं करना होगा।

ICICI बैंक के ग्राहकों को देना होगा ज्यादा चार्ज
ICICI बैंक पैसा निकालने, जमा करने और चेक बुक के चार्ज सहित कई नियमों में बदलाव किया है। अब आप बैंक की ब्रांच में चेक से केवल 4 बार ही फ्री नकद लेन-देन कर सकेंगे। चार बार से ज्यादा जमा करने या निकालने पर हर बार 150 रुपए का चार्ज देना होगा।

ATM के जरिए आप 6 मेट्रो शहरों में महीने में 3 बार फ्री ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। इसके सिवा दूसरे शहरों में 5 ट्रांजैक्शन फ्री हैं। इसके ऊपर ट्रांजैक्शन करने पर चार्ज देना होगा। चार्ज के रूप में आपको मेट्रो शहरों में 20 रुपए और दूसरे शहरों में 8.50 रुपए हर ट्रांजैक्शन पर देने होंगे।

ATM से पैसा निकालना हुआ महंगा
ATM की इंटरचेंज फीस 15 रुपए से बढ़ाकर 17 रुपए हो गई है। जबकि नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर भी शुल्क 5 रुपए से बढ़ाकर 6 रुपए किया गया है। बैंक ग्राहकों की सुविधा के लिए जगह-जगह ATM लगाते हैं। दूसरे बैंकों के ग्राहक भी इन मशीनों से पैसे निकालते या ट्रांसफर करते हैं। हर बैंक ने फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा तय की हुई है। उससे ज्यादा लेनदेन करने पर ग्राहकों से फीस ली जाती है। इसी को इंटरचेंज फीस कहते हैं।

IPPB की डोर स्टेप बैंकिंग के लिए देना होगा शुल्क
अब इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक (IPPB) की डोर स्टेप बैंकिंग सुविधा फ्री में नहीं मिलेगी। इसके लिए अब शुल्क देना होगा। IPPB के अनुसार अब हर बार डोर स्टेप बैंकिंग सुविधा के लिए 20 रुपए प्लस GST देना होगा।

इसके अलावा किसी ग्राहक को पैसे ट्रांसफर करने और मोबाइल पेमेंट आदि के लिए भी 20 रुपए प्लस GST देना होगा। IPPB के खाते या किसी और बैंक के ग्राहक के खाते में मनी ट्रांसफर के लिए भी यही चार्ज लगेगा।

LPG सिलेंडर हुआ महंगा
सरकार ने आज 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 73.5 रुपए की बढ़ोतरी की है। दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत अब 1623 रुपए पर पहुंच गई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *