श्रीगंगानगर। छात्रों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए महाविद्यालय के छात्राओं की फीस माफ करते हुए ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। छात्र हितों की मांगे उठाने वाले जनरल व्यास विश्वविद्यालय,जोधपुर छात्रसंघ अध्यक्ष सहित तीन छात्रों को निलंबित कर दिए जाने पर रोष व्यक्त किया गया है। मुकलावा में उप तहसील कार्यालय पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुदेश बिश्नोई की अगुवाई में आज छात्रों ने प्रदर्शन किया। उप तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें मुख्य रूप से मांग की गई है कि कोरोना संक्रमण काल को देखते हुए महाविद्यालय छात्रों की फीस माफ की जाए क्योंकि भौतिक रूप से शिक्षण कार्य बंद है। ऑनलाइन शिक्षण की व्यवस्था अभी पूरी तरह से ठीक नहीं है। इस व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। छात्रों ने मांग की कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा गुणा संक्रमण के मद्देनजर विद्यार्थियों को अगले सत्र के लिए प्रमोट किया जा रहा है। दूसरी तरफ विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों से न केवल पूरा परीक्षा शुल्क ले रहे हैं बल्कि तरह तरह के अन्य शुल्क भी लगा रहे हैं। इसमें राहत देने की मांग की गई है ।छात्र नेता सुरेश बिश्नोई ने बताया कि पिछले दिनों जोधपुर में छात्र हितों की मांगे उठाने पर जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ अध्यक्ष सहित तीन छात्रों को अलोकतांत्रिक तरीके से निलंबित कर दिया। मुख्यमंत्री से यह निलंबन को वापस लिए जाने की मांग भी की गई है। साथ में चेतावनी दी गई है कि अगर सरकार ने इन मांगों पर गौर नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में योगेश भादू,प्रमोद बिश्नोई, गिरधारीलाल मेहरडा,सुनील, महेश, महेंद्र अठवाल, अतुल,हर्ष, सुधीर धारणिया, कुलदीप, अंकित सहारण, विकास, विष्णु, करण और सुनील आदि छात्र शामिल रहे।