Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पहले तलाक दिया, फिर शादी का झांसा देकर रेप:जयपुर की महिला 5 साल पति के साथ लुधियाना में रही, घरेलू कलह बढ़ने से हुए थे अलग

जयपुर

जयपुर में तलाक होने के बाद पूर्व पति द्वारा महिला का रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि तलाक के 2 साल बाद ही पूर्व पति नजदीकियां बढ़ाने लगा और लुधियाना से जयपुर आ गया। एक हफ्ते तक घर पर रुका। उसने मीठी-मीठी बातें कर फिर से झांसे में लिया और दुष्कर्म किया। अगले ही दिन वह जयपुर से लुधियाना चला गया। उसके बाद भी वह आता-जाता रहा और दुष्कर्म करता रहा। शादी की बात कहने पर हमेशा टाल देता था। जब उसे लगा कि पूर्व पति धोखा दे रहा है तो 3 अगस्त को महिला ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पूरा मामला जयपुर के शिप्रा पथ थाना क्षेत्र का है।

यह है मामला
दुर्गापुरा, शांतिनगर (जयपुर) की रहने वाली 31 साल की विवाहिता ने बताया कि 17 जुलाई 2013 को उसकी शादी लुधियाना (पंजाब) के रहने वाले युवक से हुई थी। 3 जुलाई 2014 को उसे एक बेटा हुआ। 18 जनवरी 2018 को एक बेटी हो गई। बेटी होने के बाद घर में बिना वजह लड़ाई-झगड़े शुरू होने लगे। पति शराब पीकर आता था। कई बार मारपीट भी करने लगता था। उसने घरवालों को पूरी बात बताई। कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी लगा दी। 30 अक्टूबर 2018 को कोर्ट ने तलाक पर मुहर लगा दी।

कोर्ट ने बेटी मां को सौंपी
कोर्ट के फैसले के बाद पति-पत्नी ने आपसी सहमति से तय कर लिया कि बेटा-बेटी किसके साथ रहेंगे। बेटे की कस्टडी पति के पास और छोटी बेटी की कस्टडी महिला के पास रखने का निर्णय हुआ। दिसम्बर 2018 में महिला अपनी बेटी को लेकर जयपुर आ गई। वह जयपुर में निजी कंपनी में नौकरी करने लग गई। पति-पत्नी के बीच के सारे संबंध अब खत्म हो चुके थे।

पति ने बढ़ाईं नजदीकियां
एक दिन अचानक पति ने महिला को फोन किया। बेटी का हालचाल पूछने लगा। बेटे और खुद के बारे में बताया। इसके बाद लगातार वह फोन करने लगा। महिला का आरोप है कि पति ने कहा कि हमारे बीच पति-पत्नी का रिश्ता नहीं रहा तो क्या हुआ, हम दोस्त की तरह बात कर सकते हैं। वह अक्सर फोन करने लगा। उसने लुधियाना तो महिला ने इनकार कर दिया।

होली पर जयपुर आया
युवक होली पर बेटे को लेकर जयपुर आ गया। करीब एक सप्ताह तक वह जयपुर में उसके घर पर रुका। शाम को दोनों घर पर बैठे थे। पति ने कहा कि तलाक लेकर उसने जीवन की सबसे बड़ी भूल की है। वह अब दोबारा से शादी करना चाहता है। इसके बाद पति ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन बेटे को छोड़कर जयपुर से लुधियाना चला गया। उसके बाद भी दोनों की कई बार मुलाकात हुई। महिला को बातों में उलझाकर उसने कई बार दुष्कर्म किया। शादी की बात भी युवक टालने लगा। आखिर महिला ने 3 अगस्त को थाने में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *