Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हफ्ते के पहले दिन बाजार में बढ़त:दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स 125 अंक और निफ्टी 20 अंक चढ़कर बंद, मेटल और PSU बैंक इंडेक्स में 1.5% से ज्यादा की गिरावट

मुंबई

कारोबारी हफ्ते के पहले दिन बाजार दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद मजबूती के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 125.13 अंक चढ़कर 54,402.85 पर और निफ्टी 20.05 अंक की मामूली बढ़त के साथ 16,258.25 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 17 शेयर तेजी के साथ और 13 शेयर लाल निशान में बंद हुए। जिसमें M&M के शेयर में 2% और एक्सिस बैंक के शेयर में 1.8% से ज्यादा की तेजी रही।

बाजार को निफ्टी बैंक और IT इंडेक्स का सपोर्ट मिला। NSE पर निफ्टी बैंक 0.60% और IT इंडेक्स 0.44% की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं मेटल और PSU बैंक के शेयर्स पर दबाव देखने को मिला। दोनों इंडेक्स में 1.50% से ज्यादा की गिरावट रही।

BSE पर 3,476 शेयर्स में कारोबार हुआ। इसमें 1,291 शेयर्स में बढ़त और 2,045 शेयर्स में गिरावट रही। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप भी 238.58 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है, जो कि शुक्रवार को 239.47 लाख करोड़ के पार पहुंच गया था। इससे पहले शुक्रवार को बाजार कमजोरी के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 215 अंक गिरकर 54,277.72 पर और निफ्टी 56 अंक फिसलकर 16,238 पर बंद हुआ था।

शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स में टॉप गेनर और लूजर शेयर्स का हाल

MRF ने जून तिमाही के नतीजे जारी किए

टायर बनाने वाली प्रमुख कंपनी MRF ने फाइनेंशियल ईयर की जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी को अप्रैल से जून के दौरान बंपर प्रॉफिट हुआ है। कंपनी का प्रॉफिट सालाना आधार पर 12 गुना से ज्यादा बढ़कर 165.6 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले साल की समान तिमाही में 13.5 करोड़ रुपए था। आय 70% बढ़कर 4184 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछली साल की जून तिमाही में 2,460 करोड़ रुपए थी।

PM मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 9वीं किस्त जारी की

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9वीं किस्त जारी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए 9.75 करोड़ से ज्यादा किसानों के खाते में 19,508 करोड़ रुपए भेजे गए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया और लाभार्थी किसानों से बातचीत भी की।

आज से कारट्रेड का भी IPO खुला

ऑटो मोबाइल प्लेटफॉर्म कारट्रेड का इश्यू आज से खुल गया है। 11 अगस्त तक निवेशक इसमें पैसे लगा सकेंगे। जिसके लिए कंपनी ने प्राइस बैंड 1585-1618 रुपए तय किया है। कारट्रेड IPO से 2,998 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है। IPO में 9 शेयर यानी एक लॉट के लिए बोली लगानी होगी जिसके लिए कम से कम 14,562 रुपए का निवेश करना होगा।

नुवोको विस्टास का IPO खुला

नुवोको विस्टास का IPO खुल गया है। निवेशक 11 अगस्त तक IPO में पैसा लगा सकेंगे। कंपनी IPO के जरिए 5 हजार करोड़ रुपए जुटाएगी। जिसके लिए प्राइस बैंड 560-570 रुपए रखा गया है। IPO में निवेश करने के लिए 26 शेयर के एक लॉट के लिए बोली लगानी होगी। जिसके लिए कम से कम 14,820 रुपए का निवेश करना होगा। कंपनी ने 1500 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू जारी किया है जबकि 3500 करोड़ रुपए के शेयर ऑफर फॉर सेल में बेचे जा रहे हैं।

सोने-चांदी में तेज गिरावट

सोने और चांदी की कीमतों में आज बढ़ी गिरावट देखी जा रही है। वायदा बाजार में आज सोना MCX पर सुबह 11 बजे 556 रुपए कम होकर 46,084 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। MCX पर सोना 1.2% गिरकर 4 महीने के निचले स्तर पर आ गया है। चांदी की बात करें तो ये 1,206 रुपए सस्ती होकर 63,794 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही है।

रोलेक्स रिंग्स की लिस्टिंग 38.7% प्रीमियम के साथ 1249 रुपए पर हुई

रोलेक्स रिंग्स के शेयर्स की आज BSE और NSE पर लिस्टिंग हुई है। कंपनी के शेयर 900 रुपए इश्यू प्राइस के मुकाबले 1250 रुपए पर लिस्ट हुए। BSE पर रोलेक्स रिंग्स की लिस्टिंग 38.7% प्रीमियम के साथ 1249 रुपए पर हुई है। जबकि NSE पर इसकी लिस्टिंग 38.8% प्रीमियम के साथ 1250 रुपए पर हुई है। कंपनी का इश्यू 28 से 30 जुलाई तक खुला था। रोलेक्स रिंग्स ने 731 करोड़ रुपए का इश्यू जारी किया था और IPO 130.44 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

दुनियाभर के शेयर बाजार के हाल…

अमेरिका के शेयर बाजार

अमेरिका के शेयर बाजार की बात करें तो डाओ जोंस 0.41% की तेजी के साथ 35,208 पर बंद हुए। नैस्डैक 0.40% की कमजोरी के साथ 14,835 और S&P 500 0.17% की बढ़त के साथ 4,436 पर बंद हुए।

FII और DII का डाटा

इससे पहले शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 69.3 करोड़ रुपए के शेयर की बिकवाली की थी जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 631 करोड़ रुपए के शेयर की बिकवाली की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *