वाशिंग लाइन निर्माण संघर्ष समिति ने बुलाई विभिन्न संगठनों की बैठक हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। वाशिंग लाइन निर्माण संघर्ष समिति ने हनुमानगढ़ रेल विकास और समस्याओं के निवारण के लिए सोमवार को विभिन्न संगठनों की बैठक का आयोजन जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर स्थित शिव पार्क में किया। बैठक में हनुमानगढ़ वाशिंग लाइन निर्माण संघर्ष समिति, हनुमानगढ़ विकास मंच, हनुमानगढ़ रेल विकास संघ पदाधिकारियों ने जोनल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य राजेन्द्र कुमार चौधरी के साथ चर्चा की। बैठक में वाशिंग लाइन निर्माण संघर्ष समिति ने हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर केन्द्रीयकृत कोच केयर कॉम्पलेक्स (वाशिंग लाइन, पिट लाइन) का निर्माण करने, श्रीगंगानगर से बांद्रा के लिए संचालित ट्रेन नम्बर 19708 का समय जन सुविधा एवं जन भावना के अनुरूप करने, श्रीगंगानगर तिलक ब्रिज ट्रेन नम्बर 14727 की स्पीड बढ़ाकर सुबह जल्दी दिल्ली पहुंचाने और गत 9 जुलाई को उत्तर पश्चिम रेलवे की जेडआरयूसीसी सदस्यों की हुई मीटिंग में श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ रेल विकास से जुड़े प्रस्तावों पर बिना जांचे परखे नकारात्मक रिमार्क लगाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। जेडआरयूसीसी सदस्य राजेन्द्र कुमार चौधरी ने कहा है कि उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारी प्रत्येक बैठक में हनुमानगढ़ से जुड़े प्रस्तावों पर विचार किए बिना रटा-रटाया नकारात्मक रिमार्क लगा देते हैं। बार-बार ऐसा करना सरासर भेदभाव नजर आता है। इसलिए उत्तर पश्चिम रेलवे हनुमानगढ़ के प्रति अपना रवैया सुधारे। उन्होंने कहा कि आजकल जनता जागरूक अपने हित-अहित समझती है। कल को अगर हनुमानगढ़ की जनता विरोध-प्रदर्शन करती है तो इसका जिम्मेदार बीकानेर मंडल व उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय होगा। इस बैठक में वाशिंग लाइन निर्माण संघर्ष समिति संयोजक नारायण अग्रवाल, सदस्य राजीव मिश्रा, रमेश कुमार वर्मा, गौतम, विशु वर्मा, नवल किशोर और हनुमानगढ़ विकास मंच के उप सचिव कपिल कुमार अग्रवाल, रमेश कुमार, गुड्डू शर्मा, हनुमानगढ़ रेल विकास संघ सदस्य और शहर के गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार प्रकट किए। बैठक के बाद मांगों के संबंध में स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।