अनेक लोगों को शिकार बनाए जाने की आशंका
श्रीगंगानगर। पुरानी आबादी थाना पुलिस द्वारा नोट दोगुने करने का झांसा देकर चार लाख की एक कार टैक्सी चालक से ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए तीन युवकों को आज अदालत में पेश किया गया।जांच अधिकारी एएसआई प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तीनों युवकों भिंदासिंह उर्फ पिंदासिंह मजहबी सिख (36) पुत्र मोहनसिंह निवासी चक 48 जीजी श्रीनगर, सुक्खासिंह उर्फ सुखप्रीतसिंह मजहबी सिख (32) पुत्र महेंद्रसिंह और कुंदनसिंह मजहबी सिख (28) पुत्र जोगिंदरसिंह निवासी चक 42-जीजी थाना केसरीसिंहपुर का तीन दिन का रिमांड प्राप्त हुआ है। इनके ठिकाने से नोटों के आकार के सफेद कागज की तीन गड्डियां, 500 का एक असली नोट और एक बिना नंबरी कार जब्त की गई है। अग्रसेननगर निवासी का टैक्सी चालक मोहित सोनी ने इन तीन युवकों पर नोट दुगने करने की मशीन देने का झांसा देकर 4 लाख ठगे लेने का आरोप लगाते हुए परसों देर रात को पुरानी आबादी थाना में मुकदमा दर्ज करवाया था। अपने साथ ठगी होने का पता चलने पर मोहित सोनी इन तीनों युवकों को झांसा देकर परसों शाम यहां केंद्रीय बस अड्डा के पास ले आया।फिर अपने दोस्तों को बुलाकर तीनों को काबू किया और पुलिस के हवाले कर दिया। जांच अधिकारी के मुताबिक में पिंदासिंह ने बताया कि लगभग 2 महीने पहले उसने पंजाब में कुछ लोगों से नोट दोगुने करने का झांसा देकर ठगी करने का तरीका सिखा था। मोहित सोनी से उसकी मुलाकात कुछ दिन पहले केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में एक होटल में हुई थी। नोट दुगने करने की मशीन के बारे में बताया तो मोहित खरीदने के लालच में आ गया। मोहित ने पुलिस को बताया कि पहले उससे 2 लाख लिए गए। बाद में 2 लाख और ले लिए। मशीन देने की बजाय पिंदासिंह उसे झांसा देने लगा।तब उसे शक हो गया। मोहित ने खुद ही जाल बिछाया,जिसमें पिंदासिंह और उसके दोनों साथी फंस गए।जांच अधिकारी ने आशंका जताई है कि इस गिरोह ने और लोगों को भी नोट दुगने करने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया है, मगर इनका शिकार बना कोई और व्यक्ति अभी सामने नहीं आया।