जयपुर
राजस्थान में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही बारिश का दौर शुरू हो गया है। लगातार दूसरे दिन से पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हो रही बारिश के साथ आज लम्बे समय बाद पश्चिमी राजस्थान में मानसून की मेहरबानी रही। बाड़मेर, चूरू, नागौर के कई हिस्सों में पानी बरसा। सबसे ज्यादा भीलवाड़ा जिले के डाबला क्षेत्र में 101 MM से ज्यादा बारिश हुई।
मौसम विभाग जयपुर की माने तो 24 अगस्त से बारिश का दौर फिर से थम सकता है। पिछले 24 घंटे की स्थिति देखे तो राज्य के अलवर, बारां, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, कोटा, नागौर, सीकर, टोंक और उदयपुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई। इन जिलों में बारिश के बाद तापमान गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
जयपुर के मौसम की स्थिति देखे तो आज यहां सुबह-सुबह बादल छाने के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश के बाद उमस का वातावरण हो गया। हालांकि, दिन में मौसम खुल गया और धूप भी खिली। गंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ जिलों में आज सुबह से बादल छाये रहे और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग की माने तो राजस्थान में अब बारिश का दौर 24 अगस्त से वापस हल्का पड़ने लगेगा। 22 और 23 अगस्त को पश्चिमी राजस्थान के गंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और नागौर क्षेत्र में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके बाद मानसून एक बार फिर सुस्त पड़ जाएगा।
चूरू में 10 डिग्री तक गिरा तापमान
चूरू के सूजानगढ़, रतनगढ़, बीदासर क्षेत्र में अच्छी बारिश होने के बाद लोगों को काफी राहत मिली। यहां 24 घंटे के अंतराल में अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई। एक दिन पहले चूरू में तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस था, जो गिरकर अब 31 डिग्री पर पहुंच गया। इसी तरह श्रीगंगानगर में भी पारा 41.8 डिग्री सेल्सियस था, जो गिरकर अब 35 डिग्री पर और बीकानेर में पारा 41.2 डिग्री से गिरकर 37.7 डिग्री पर पहुंच गया।
यहां हुई बारिश
जयपुर मौसम विभाग और जल संसाधन विभाग से जारी डेटा के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान अलवर के कोटकासिम में 95MM, रामगढ़ 28, किशनगढ़बास 21, बारां के किशनगढ़बांस में 42, बाड़मेर के गदरा रोड पर 53.3, समदड़ी 19, सेंधवा 20, सिणधरी में 20, चौहटन 19, भरतपुर के सीकरी 64, पहाड़ी में 27, नगर 16, भीलवाड़ा के बनैड़ा में 50, बूंदी में 51, चित्तौड़गढ़ के भोपालसागर 37, निम्बाहेड़ा 18, चूरू के सुजानगढ़ 55, रतनगढ़ 20, बीदासर 16, दौसा के सिकराय में 40, धौलपुर 50, सैंपउ 25, झालावाड़ के खानपुर में 55, रायपुर 25, कोटा में 97, लाडपुरा 84, रामगंज मंडी 49, नागौर के मेड़ता 96, लाडनू 42, डेगाना 40, सीकर में 43, टोंक के देवली में 32, उदयपुर के कोटड़ा में 21, वल्लभनगर में 20 और लसाडिया में 18 MM में बारिश हुई।