पाकिस्तान के तूफान के आगे मार्नस लाबुशेन अड़े, आॅस्ट्रेलिया ने पहले दिन बनाए 3 विकेट पर 187 रन
मेलबर्न: मार्नस लाबुशेन की नाबाद 44 रन की जुझारू पारी से आॅस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के वर्षा से प्रभावित पहले दिन तीन विकेट पर 187 रन बनाए। पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने आसमान में छाए बादलों के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया लेकिन चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने के बावजूद मेहमान टीम दबदबा बनाने में नाकाम रही। उस्मान ख्वाजा (101 गेंद में 42 रन) और डेविड वॉर्नर (83 गेंद में 38 रन) ने गेंदबाजों को मिल रही मदद के बीच पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़कर पाकिस्तान की शुरूआती सफलता हासिल करने की उम्मीदों को तोड़ा।अपनी अंतिम टेस्ट सीरीज खेल रहे वॉर्नर ने स्पिनर आगा सलमान के लंच से पहले के आखिरी ओवर में स्लिप में बाबर आजम को कैच थमाया। पर्थ में पहले टेस्ट में 164 रन की पारी खेलने वाले वॉर्नर दो रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब शाह...








