जयपुर
REET 2021 परीक्षा लीक का असली मास्टरमाइंड अब तक सामने नहीं आ सका है। एसओजी की जांच में रोज नए खुलासे आ रहे हैं और रोजाना नए चेहरे सामने आ रहे हैं। 20 दिनों में एसओजी ने पेपर लीक में जुड़े जेईएन से लेकर हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल तक 20 चेहरों को बेनकाब कर दिया है। जो पेपर 40 लाख से बिकने शुरू हुआ, वो अंत तक 3 लाख तक पहुंच गया, लेकिन अब भी बड़ा सवाल बना हुआ है कि आखिरकार भर्ती परीक्षा का मुख्य मास्टरमाइंड कौन है।
एसओजी की जांच में रोजाना एक-एक कड़ी खुलती जा रही है। जांच में अब सामने आया है कि भजनलाल ने ही पृथ्वीराज को एक दिन पहले वॉट्सऐप पर पेपर दिया था। भजनलाल पश्चिमी राजस्थान में नकल कराने वाली कई बड़ी गैंग से जुड़ा हुआ है। कांस्टेबल भर्ती से लेकर कई भर्तियों में नाम आ चुका है। पेपर कहां से और कैसे लीक कराया, ये अभी क्लियर नहीं है। एसओजी भजनलाल को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। एसओजी ने पृथ्वीराज, बत्तीलाल, रवि मीना, रवि पागड़ी, शिवदास मीना को रिमांड पर ले रखा है।