जयपुर
राजस्थान में टीचर बनने का सपना देख रहे युवाओं का इंतजार थोड़ा और बढ़ गया है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से टीचर्स के 46 हजार 500 पदों पर अगले साल जनवरी में भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसकी घोषणा गुरुवार सुबह राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से की गई। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने बताया कि 46,500 पदों के लिए पात्रता परीक्षा जुलाई में आयोजित की जाएगी। रिजल्ट जारी होने के बाद अगले साल जनवरी में मुख्य परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि शिक्षक भर्ती परीक्षा कर्मचारी चयन बोर्ड के लिए भी बड़ी भर्ती परीक्षा है। इसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई है। इसमें साल 23 और 24 जुलाई को आयोजित होने वाली पात्रता परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थी ही शामिल हो सकेंगे। वहीं भर्ती परीक्षा के बाद अगले तीन महीने में नियुक्ति की प्रक्रिया को पूरा किया जायगा। कैंडिडेट को अगले साल अप्रैल तक ही नियुक्ति मिल पाएगी।