सिडनी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में स्लो ओवर रेट के लिए श्रीलंका की टीम पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। वहीं पाथुम निसांका को मैच के दौरान अश्लील शब्दों के प्रयोग के लिए फटकार लगाई गई है। ऑस्ट्रेलिया में दोनों टीमों के बीच जारी पांच मैचों की सीरीज का दूसरा मैच टाई हुआ था, जिसके बाद मैच का रिजल्ट सुपर ओवर में आया। सुपर ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की।
आईसीसी के मैच रैफरी डेविड बून ने यह जुर्माना लगाया। श्रीलंका को निर्धारित समय के अंदर एक ओवर पीछे पाया गया था। आईसीसी की आचार संहिता की धारा 2.22 के तहत ओवर रेट कम रहने पर खिलाड़ियों पर प्रति ओवर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।
श्रीलंका के बल्लेबाज निसांका को चेतावनी दी गई और एक डिमेरिट अंक भी लगाया गया। यह घटना उस समय की है जब बल्लेबाजी करते हुए वह एक गेंद चूक गए थे और स्टम्प माइक पर उनकी आवाज साफ सुनाई दी जिसमें उन्होंने अश्लील शब्दों का प्रयोग किया।