बीकानेर.
श्रीगंगानगर रोड स्थित केन्द्रीय बस स्टैंड पर अब यात्रियों को समय सारणी के साथ ही किराए की जानकारी भी मिल जाएगी। उन्हें पूछताछ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
पिछले दिनों जिला कलक्टर नमित मेहता ने रोडवेज बस स्टैंड का निरीक्षण कर वहां साफ-सफाई और समय-सारणी को संशोधित करने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर अरुण प्रकाश शर्मा ने रोडवेज बस स्टैंड का निरीक्षण किया तो उन्हें समय सारणी और किराया तालिका संशोधित मिली। वहीं परिसर की साफ-सफाई बेहतर दिखी। बीकानेर आगार की मुख्य प्रबंधक इन्दिरा गोदारा ने बताया कि अब प्रतीक्षालय के शौचालय और नल भी चालू कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देश पर बस स्टैंड परिसर को मॉडल बस स्टैंड के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आधारभूत सुविधाओं का विकास होगा और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
भामाशाहों से ली जाए मदद
अतिरिक्त जिला कलक्टर अरुण प्रकाश शर्मा ने बताया कि रोडवेज परिसर के विकास को लेकर भामाशाह की मदद ली जा सकती है। उन्होंने बताया कि परिसर के मुख्य द्वार की सड़कों और अन्य संसाधनों को दुरुस्त करवाने के लिए भामाशाहों को प्रेरित किया जाए। इसी प्रकार परिसर को साफ-सुधरा बनाए रखने के लिए पर्याप्त कचरा पात्र भी जगह-जगह पर रखें जाएं, ताकि यात्री इधर-उधर कचरा नहीं बिखेरें। शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर ने परिसर में पौधारोपण भी किया।