Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

आशा भोसले बोलीं- कार में रिहर्सल करते हुए देख मेरे ड्राइवर को लगा मुझे कुछ हो गया और मुझे अस्पताल ले जाना पड़ेगा

इंडियन आइडल 12 में स्पेशल गेस्ट के रूप में पहुचीं आशा भोसले ने अपनी फिल्म ‘तीसरी मंजिल’ के हिट सॉन्ग ‘आजा आजा मैं प्यार तेरा’ को याद किया और बताया कि कैसे शुरूआत में वो इसे गाने के लिए तैयार नहीं थीं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जब वो इस सॉन्ग की धुन का कार में बैठे-बैठे रिहर्सल कर रहीं थीं, तब उनके ड्राइवर को लगा था कि आशा जी को कुछ हो गया है और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ेगा।

आशा भोसले को नहीं लगा था कि वो इस गाने को गा पाएंगी

आशा भोसले ने इंडियन आइडल 12 के सेट पर बताया, “यह सॉन्ग (आजा आजा मैं हूं प्यार तेरा) मेरे लिए गाना बहुत मुश्किल था। आर.डी बर्मन साहब एक दिन घर आए, बाजा लिया और मुझसे गाना गाने के लिए रिक्वेस्ट करने लगे। जब ​​मैंने उन्हें ‘ओ आ जा, आह आह’ प्ले करते हुए सुना, तो मैं थोड़ी हैरान हो गई थी, क्योंकि मुझे नहीं लगता था कि मैं इसे कर पाऊंगी। हालांकि, मैंने बर्मन साहब को कहा कि मैं चार से पांच दिनों के बाद गाना गाने की कोशिश करूंगी।”

आशा भोसले ने शेयर किया एक फनी मोमेंट

आशा भोसले ने आगे बताया, “मैंने अपनी कार में मुख्य धुन को इतना प्रैक्टिस करना शुरू कर दिया, कि एक दिन मेरा ड्राइवर परेशान हो गया। एक बार जब हम हाजी अली पहुंचे, जहां मैं रहती हूं, तो मेरे ड्राइवर ने अचानक मुझसे पूछा कि क्या मैं अस्पताल जाना चाहती हूं, क्योंकि उसे लगा कि मुझे सांस लेने में दिक्कत हो रही है और इसलिए मैं हांफ रही हूं। यह वास्तव में एक फनी मोमेंट था।”

लता मंगेशकर ने जताया था बहन पर भरोसा

आशा भोसले ने कहा, “जैसे ही मैं घर पहुंची, मैं अपनी बहन लता मंगेशकर के पास गई और गाने को गाते हुए अपनी आशंकाओं को व्यक्त करने लगी, जिसमें उन्होंने कहा, ‘तुम भूल रही हो कि तुम पहले मंगेशकर हो और बाद में भोसले। जाओ गाना गाओ, तुम अच्छा करोगी।’ “

आदित्य नारायण भी आशा भोसले के साथ गाते हुए आएंगे नजर

इंडियन आइडल सीजन 12 में आशा जी का ये स्पेशल एपिसोड इस हफ्ते के अंत में दिखाया जाएगा। इसमें उन्हें राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘रंगीला’ के उनके हिट सॉन्ग ‘रंगीला रे’ की कुछ लाइंस को गाते हुए भी सुना जाएगा। शो के होस्ट आदित्य नारायण, जिन्होंने ओरिजनल सॉन्ग की कुछ लाइंस भी गाई हैं। वो भी आशा जी के साथ गाते हुए नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *