Wednesday, May 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

इंसाफ मांगने गई महिला के थप्पड़ मारने का आरोप

  • महिला शक्ति संगठन ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंप की कार्रवाई की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    सदर पुलिस थाना के प्रभारी मानसिंह गोदारा पर इंसाफ मांगने गई अनुसूचित जाति की महिला को थप्पड़ मारने, जाति सूचक गालियां निकालने व प्रार्थना-पत्र फाड़कर धक्के मारकर पुलिस थाना से भगा देने का आरोप लगा है। इस सम्बंध में शनिवार को महिला शक्ति संगठन ने पीड़ित महिला के साथ जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंप सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान महिला शक्ति संगठन की सुशीला गांधी ने बताया कि ग्राम पंचायत डबलीबास पेमा निवासी मीरा पत्नी अशोक बावरी के ससुर कर्मसिंह ने अपनी कृषि भूमि जगदीश मेघवाल के पास अप्रेल 2019 से अप्रेल 2020 तक एक वर्ष के लिए डेढ़ लाख रुपए उधार लेकर रहन रखी थी। लगभग 2 माह पूर्व मीरा ने अपने पति नानक सिंह के साथ जगदीश मेघवाल को डेढ़ लाख रुपए वापस देकर जब लिखा-पढ़ी के कागजात मांगे तो जगदीश ने कागजात मिल नहीं रहे, की बात कहकर कुछ दिनों में दे देने का वादा करते हुए कृषि भूमि खाली कर सुपुर्द कर दी। लेकिन खेत में नरमा की फसल काश्त कर देने के बाद जगदीश के मन में बेइमानी आ गई। 7 जून को जगदीश दो व्यक्तियों को साथ लेकर मीरा के घर आया और कहने लगा कि तुमने मेरे रुपए वापस नहीं दिए, इसलिए खेत में मैं खुद काश्त करूंगा। लिखा-पढ़ी के कागजात मेरे पास हैं। विरोध जताने पर उन्होंने लड़ाई-झगड़ा किया और मीरा व उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि न्याय के लिए मीरा जब सदर पुलिस थाना में गई तो थाना प्रभारी मानसिंह गोदारा ने जाति सूचक गालियां निकाली, थप्पड़ मारे, प्रार्थना पत्र फाड़ दिया तथा धक्के मार बाहर निकाल दिया। ज्ञापन में थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान सरस्वती, पंजाब कौर, रानी, भगवानी, वीरपाल, नसीब कौर, माया सहित अन्य महिलाएं मौजूद थी। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इस प्रकरण को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *