बॉलीवुड में बहुत सी ऐसी फिल्में बनाई गई हैं जो सदाबहार हैं यानि उन्हें देखने पर कभी मन नहीं भरता और हर बार वह फिल्में अच्छी ही लगती हैं। इसमें ज्यादातर फिल्में 90 के दशक की हैं जब फिल्म में रोमांस भी गुपचुप होता था और उस दौर के हर गाने सुपरहिट थे। इसी वक्त में निर्देशक संजय लीला भंसाली ने फिल्म बनाई थी ‘हम दिल दे चुके सनम’ जो आज भी सिनेमा प्रेमियों के लिए बहुत ही खास है। 1999 में रिलीज हुई यह उस दौर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म में से एक थी।
फिल्म के क्लाइमेक्स से खुश नहीं थे सलमान
फिल्मफेयर अवॉर्ड्स की 17 कैटेगरी में इसे नॉमिनेट किया गया था। सिनेमैटोग्राफी, कोरियोग्राफी, म्यूजिक डायरेक्शन के लिए इस फिल्म ने राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीते थे। फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन, सलमान खान और अजय देवगन ने काम किया था और अपनी अदायगी से हर किसी का दिल जीत लिया था। नंदिनी, समीर और वनराज के किरदार आज भी हर किसी की याद में बसे हैं। हालांकि कम लोग ही ये बात जानते हैं कि सलमान इस फिल्म के क्लाइमेक्स सीन को बदलना चाहते थे।