श्रीगंगानगर
जैसलमेर के पास रामगढ़ तनोट रोड पर रविवार सुबह हुए हादसे में मारे गए 5 में से 3 लोगों का अंतिम संस्कार तेरह क्यू गांव में सोमवार को किया गया। हादसे में मृत पति-पत्नी और भाभी की अर्थियां घर से उठीं तो हर किसी की आंख नम हो गई। मृतक विशाल और उसकी पत्नी रिंकू का चार साल का बेटा जीवित बचा है, उसे देखकर गांव के लोग भावुक हो गए।
नियति देखिए कि इसी घर में रिंकू सहित तीन बहनें शादी करके आई थीं। इनमें से दो की हादसे में मौत हो गई। विशाल की भाभी और रिंकू की सगी बहन अंजू भी हादसे में नहीं रही। कुछ दिनों पहले ही उसका थर्ड ग्रेड शिक्षक के लिए चयन हुआ था।
मृतकों में शामिल विशाल की बहन वर्षिका भी हादसे का शिकार हुई है। उसका शव उसके ससुराल के गांव बशीर ले जाया गया, जबकि एक अन्य मृतक अर्जित के शव का अंतिम संस्कार श्रीगंगानगर में हुआ।
इस हादसे ने सिर्फ इस परिवार में एक साथ इतने रिश्ते खत्म कर दिए कि इस दर्द की भरपाई आजीवन नहीं हो पाएगी। दरअसल, रूपराम सहारण के बेटे विशाल से रिंकू का विवाह हुआ था। जबकि रिंकू की बड़ी बहन अंजू का विवाह रूपराम के बड़े भाई इंद्राज सहारण के पुत्र राजीव से हुआ था। इंद्राज सहारण की एक अन्य पुत्र वधु भी अंजू और रिंकू की बहन ही है। तीनों बहनों का विवाह एक ही घर में हुआ था। दोनों बहनों की मौत के बाद उनकी तीसरी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोमवार सुबह करीब आठ बजे के आसपास शव गांव तेरह क्यू पहुंचे तो घर में कोहराम मच गया। विशाल के पिता रूपराम सहारण और माता तो बेटे का शव देखकर स्तब्ध रहे गए। परिवार के अन्य सदस्य भी लगातार विलाप कर रहे थे। विशाल के परिवार के साथ ही उसके ताऊ इंद्राज सहारण का परिवार रहता है। इंद्राज सहारण की पुत्र वधु अंजू का भी हादसे में निधन हो गया था। शवों को घर के आंगन में रखा गया।
शव पहुंचने के साथ ही लोगों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। रविवार सुबह हादसे के बाद पिता रूपराम को पांचों के गंभीर घायल होने की जानकारी दी गई। उन्हें शव पहुंचने से करीब दो घंटे पहले पांचों की मौत के बारे में बताया गया।