जयपुर
सचिन पायलट समर्थक विधायक और पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी के मई में दिए इस्तीफे पर अब तक फैसला नहीं हुआ है। विधानसभा स्पीकर के स्तर पर फैसला अटका हुआ है। हेमाराम चौधरी ने अपने क्षेत्र के विकास से भेदभाव होने और सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर 18 मई को विधानसभा स्पीकर को इस्तीफा भेजा था। तब से लेकर हेमाराम के इस्तीफे पर कोई फैसला नहीं हुआ है। जानकारों के मुताबिक अब यह इस्तीफा स्पीकर के पास स्थायी रूप से ही लंबित रह सकता है। विधानसभा स्पीकर ने हेमाराम चौधरी का इस्तीफा मिलने के बाद उन्हें लॉकडाउन हटने के सात दिन के भीतर पेश होने को कहा था। लॉकडाउन हटने के बाद हेमाराम चौधरी विधानसभा में पेश होने गए तो मोडिफायड लॉकडाउन का हवाला देकर लॉकडाउन पूरी तरह हटने के बाद आने को कहा। अब प्रदेश में पूरी तरह लॉकडाउन हट चुका है, लेकिन हेमाराम चौधरी के इस्तीफे पर स्पीकर ने कोई आगे एक्शन नहीं लिया है।