सीमा सन्देश संवाददाता. अनूपगढ़। संयुक्त किसान मोर्चा अनूपगढ़ की व्यापार मंडल भवन में बैठक हुई। बीते दिनों पदमपुर में भाजपा बैठक के दौरान हुए घटनाक्रम के बाद पुलिस द्वारा किसान नेताओं पर दर्ज किए गए मुकदमों को झूठा बताते हुए निंदा की गई। इसके बाद सभी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे। यहां उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसान नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की गई। वहीं दूसरी तरफ किसानों ने आईजीएनपी में सिंचाई पानी सुविधा देने की मांग को लेकर भी मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। किसानों ने बताया कि लगातार हरिके बैराज से पाकिस्तान की तरफ पानी व्यर्थ जा रहा है। सिंचाई विभाग और सरकार इस बात पर संज्ञान लें। आईजीएनपी में किसानों को जल्द से जल्द सिंचाई सुविधा के लिए पानी दिया जाए। ज्ञापन देने वालों में अखिल भारतीय किसान सभा के नेता सुनील गोदारा, व्यापार मंडल अनूपगढ़ उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह गिल, रामप्रताप राव, सरपंच पीराराम शीला, मनु बिश्नोई, अवतार सिंह संधू, राकेश महला, रोशन लिंबा, राजू चलाना, शोभा सिंह ढिल्लों, हरविंदर संधू, बाबा जीत सिंह, गुरुदत्ता सिंह, सुरेश बिश्नोई एडवोकेट, बाबा रणवीर सिंह, सरपंच गुरमीत चहल, मिट्ठू सिंह, देवेंद्र सिंह, राजेश यादव, आत्माराम बेनीवाल, मांगीलाल भांभू, गुरुचरणसिंह, रखपालसिंह आदि किसान शामिल थे।