अन्य दो सड़क हादसों में भी दो मरे
श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ सदर थाना अंतर्गत गांव सिलवानी के पास आज दोपहर कार और मोटरसाइकिल में आमने-सामने की टक्कर हो जाने से एक सरकारी शिक्षक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य सड़क दुर्घटनाओं में भी दो युवकों की मौत हो गई। सूरतगढ़ सदर थाना पुलिस के अनुसार आज दोपहर लगभग 2 बजे सूरतगढ़-अनूपगढ़ स्टेट हाईवे पर सिलवानी गांव के पास कार और मोटरसाइकिल में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोर से हुई कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। इस पर सवार अधेड़ उम्र के दो सरकारी शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए जोकि चक 13- एसडी के स्कूल में पदस्थापित थे। स्कूल से दोनों वापस सूरतगढ़ घर आ रहे थे। कार की टक्कर लगने से एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल होकर बीच सड़क में गिर गया।दूसरा सड़क के दूसरी तरफ जा गिरा। लोगों ने तत्काल ही घायल शिक्षकों को सूरतगढ़ सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने वार्ड नंबर 16 निवासी प्रेमचंद मेघवाल (58) को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दूसरा घायल शिक्षक कृष्णलाल बावरी (55) भी वार्ड नंबर 16 का निवासी है। बताया जा रहा है कि उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम करवा कर परिवार वालों को सौंप दिया गया है।कार चालक पर लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
इसके अलावा सूरतगढ़ शहर थाना क्षेत्र में जाखडांवाली के पास सड़क हादसे में भी एक युवक की मौत हो जाने का समाचार मिला है। सूरतगढ़ शहर पुलिस के अनुसार चक 10 एसपीडी डालूराम परसों शनिवार शाम लगभग 7:30 बजे मोटरसाइकिल पर जाखडांवाली की ओर जा रहा था। र जाखडावाली के पास ही एक ट्रैक्टर से टक्कर हो गई,जिससे वह गंभीर घायल हो गया। दो-तीन राहगीरों ने डालूराम को हनुमानगढ़ टाउन के एक हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। पुलिस के मुताबिक इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।मृतक के रिश्ते में लगते भाई कृष्णलाल मेघवाल निवासी मैना वाली, जिला हनुमानगढ़ द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर ट्रैक्टर चालक राजेंद्र रेगर पर लापरवाही बरतने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस बीच श्रीगंगानगर में थाना अंतर्गत हनुमानगढ़-अबोहर नेशनल हाईवे 62 बाईपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से एक युवक की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि निकटवर्ती गांव दलियांवाली निवासी अमृतपालसिंह (25) सितंबर को मजदूरी करने के लिए घर से निकला था। रेलवे ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से गंभीर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।हालत में सुधार नहीं होने पर अगले ही दिन अमृतपाल को परिवार वाले बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में ले गए, जहां कल शाम को उसने दम तोड़ दिया।मृतक की बहन वीरपालकौर पत्नी तरसेमसिंह निवासी दोदेवाला थाना बहाववाला (अबोहर)पंजाब द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध लापरवाही के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक युवक की लाश पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों को सौंप दी गई।