हाल ही में टीवी पर जारी शो ‘बिग बॉस’ से एक शब्द चर्चा में आया ‘पैनिक अटैक।’ इस शो की प्रतिभागी अफसाना जो कि एक गायिका हैं, उन्हें लेकर यह खबर आई कि वे पैनिक अटैक के दौरों की समस्या से गुजर रही हैं। जिन लोगों ने बिग बॉस देखा होगा वे इस बात का कुछ मतलब समझ ही गए होंगे। खबर यह भी थी कि शो में आने के पहले भी अफसाना पैनिक अटैक से गुजरीं और उन्होंने शो का हिस्सा बनने से मना भी कर दिया था। पैनिक अटैक की स्थिति हालांकि किसी के भी साथ बन सकती है। इसपर यदि समय रहते नियंत्रण न किया जाए तो यह पीड़ित के साथ ही उसके आस-पास उपस्थित लोगों के लिए भी मुश्किल खड़ी कर सकती है। इसका पता शो देखने वालों को भी चल गया होगा कि किस तरह की स्थिति में अफसाना बिखर जाती हैं और फिर खुद को ही मारना पीटना शुरू कर देती हैं।
हमारा दिमाग एक जटिल यंत्र है जिसमें कई सारी चीजें आपस में गुथी हुई होती हैं। पैनिक अटैक की स्थिति किसी गहरे बैठे डर या एंग्जायटी की वजह से अचानक आती है। जब कोई व्यक्ति इसकी वजह से अचानक घबराकर प्रतिक्रिया देने लगता है, जबकि वह डर या एंग्जायटी की स्थिति असल में हो ही नहीं। पैनिक अटैक की स्थिति आमतौर पर किसी भी बड़ी दुर्घटना या मुश्किल के समय किसी के भी साथ बन सकती है और वह स्थिति ठीक होने के बाद पैनिक अटैक से भी व्यक्ति उबर आता है। ऐसा ज़िन्दगी में दो-एक बार ही होता ह,। लेकिन अगर यह अचानक और बार-बार होने लगे तो यह स्थिति पैनिक डिसऑर्डर की हो सकती है।