शंकर नगर वेलफेयर सोसायटी की बैठक में छाया मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाने का मुद्दा
सोसायटी पदाधिकारी बोले- कॉलोनाइजर नहीं चेता तो चुप्प नहीं बैठेंगे हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन की शंकर नगर कॉलोनी में शंकर नगर वेलफेयर सोसायटी की ओर से आमसभा का आयोजन किया गया। बैठक में कॉलोनाइजर की ओर से कॉलोनी में विकास कार्य नहीं करवाए जाने का मुद्दा छाया रहा। बैठक में सोसायटी अध्यक्ष प्रदीप तिवाड़ी ने कहा कि कॉलोनाइजर ने कॉलोनी तो काट ली लेकिन वे खुद यहां नहीं रहते। न ही कॉलोनीवासियों की समस्याओं को सुना जाता है। कॉलोनाइजर ने खुद वेलफेयर कमेटी बना ली है। कमेटी के जरिए प्राप्त हुए रुपए भी हड़प लिए। उसके बाद नई कमेटी बनी। नई कमेटी ने जब रुपए मांगे तो रुपए भी नहीं दिए। कॉलोनी की कई समस्याएं हैं जो लम्बे समय से ज्यों की त्यों बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि कॉलोनाइजर की ओर से मूलभूत सुविधा जैसे बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा, सीवरेज इत्यादि उपलब्ध कराए जाने का आश्वासन दिया था और यही कहकर भूखंड विक्रय किए गए थे। जिस पर क्रेताओं की ओर से लाखों रुपए खर्च कर निर्माण किया जा चुका है, लेकिन कॉलोनाइजर को बार-बार कहने के बावजूद भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जा रही। लोगों से प्लाट बिक्री के अधिक रुपए वसूले जा रहे हैं। हैंडओवर नहीं होने के कारण नगर परिषद कोई विकास कार्य कॉलोनी में नहीं करवा सकती। कॉलोनाइजर की ओर से लोगों को मूर्ख बनाया जा रहा है। उनके पैसे डकारे जा रहे हैं। कॉलोनीवासी परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कॉलोनाइजर नहीं चेता तो वे भी चुप्प नहीं बैठेंगे। इसका डटकर विरोध किया जाएगा। कॉलोनी के अंकुर मुंजाल ने कहा कि कॉलोनीवासियों के लिए पानी की सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। इसके अलावा अन्य मूलभूत सुविधाओं से भी कॉलोनी में निवास करने वाले लोग महफूज हैं। प्रत्येक परिवार ने सबमर्सिबल लगा रखा है। दिनोंदिन भूमि के जल का स्तर नीचे जा रहा है। इसके अलावा सीवरेज, लाइट, सड़कें जैसी अन्य मूलभूत सुविधाएं भी परिपूर्ण नहीं हैं। लेकिन कॉलोनाइजर ने कभी भी यहां आकर उन्हें संभालना उचित नहीं समझा। उन्हें शंकर नगर कॉलोनी में रहने का फायदा कम नुकसान ज्यादा उठाना पड़ रहा है। उन्होंने शंकर नगर कॉलोनी में प्लाट या मकान लेने के इच्छुक नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि वे इससे पहले कॉलोनी में रहने वाले लोगों से मिलें। उनसे यह जानें कि वे शंकर नगर कॉलोनी में निवास कर किसी परिस्थिति से गुजर रहे हैं। उसके बाद ही यहां रहने संबंधी अपना निर्णय लें। बैठक में सोसायटी के कई अन्य सदस्य व कॉलोनीवासी मौजूद थे।