Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कोरोना का एक असर यह भी:66% भारतीयों को ऑनलाइन रहने की पड़ी लत, रोजाना स्क्रीन पर 4 घंटे से अधिक समय बिता रहे; जानिए यह आदत शरीर के लिए कितना है खतरनाक

कोरोनाकाल में 66 फीसदी भारतीयों को ऑनलाइन रहने की लत लग गई है। ये औसतन रोजाना 4.4 घंटे स्क्रीन के सामने बिता रहे हैं। यह दावा सायबर सिक्योरिटी फर्म नॉर्टन के हालिया सर्वे में किया गया है। सर्वे कहता है, ऑनलाइन क्लासेस और घर पर ऑफिस वर्क करने के अलावा 82 फीसदी लोग ऐसे हैं जो मोबाइल स्क्रीन के सामने समय बिता रहे हैं। कोरोना काल में ऐसे मामले बढ़े हैं। वयस्कों के लिए स्मार्टफोन सबसे कॉमन डिवाइस बन गया है, 84 फीसदी वयस्क इसके साथ काफी समय बिता रहे हैं।

ऑनलाइन रहने की आदत कितनी खराब है, यह शरीर पर क्या असर डालती है और इसे कैसे दूर करें, इन सवालों का जवाब जानने से पहले इस सर्वे को समझें…

पहले सर्वे की 4 बड़ी बातें जानिए

  • कोरोनाकाल में देश के लोग स्मार्टफोंस के साथ कितना समय बिता रहे हैं, इसे समझने के लिए सायबर सिक्योरिटी फर्म नॉर्टन ने सर्वे किया। इसमें 1 हजार लोग शामिल और सर्वे ऑनलाइन किया गया। सर्वे में 74 फीसदी वयस्कों ने स्वीकार किया कि वो जितना समय गैजेट्स की स्क्रीन देखते हुए बिताते हैं वो उनके शरीर को नुकसान पहुंचा रहा है।
  • सर्वे में 55 फीसदी लोगों ने माना कि यह आदत उनके दिमाग पर बुरा असर डाल रही है। सर्वे कराने वाली कम्पनी में सेल्स-मार्केटिंग डिपार्टमेंट डायरेक्टर जुड़े रितेश चोपड़ा कहते है, साफतौर पर यह बात समझी जा सकती है कि महामारी में गैजेट्स का इस्तेमाल बढ़ा है। ऐसे में सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है। लोगों को अपनी सेहत पर ध्यान देते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन लेवल पर बैलेंस बनाना जरूरी है।
  • 40 फीसदी लोग मानते हैं कि उन्हें स्मार्ट होम डिवाइस के बारे में पूरी जानकारी नहीं हैं। वहीं, 35 फीसदी वयस्कों का कहना है, स्मार्ट होम डिवाइस को बनाने वाली कंपनीज कंज्यूमर का डाटा इस्तेमाल करती हैं, इसलिए वे इन्हें नहीं खरीदते।
  • रितेश चोपड़ा कहते हैं, चीजों के ऑनलाइन होने से कई तरह के सायबर अपराध के मामले भी बढ़ रहे हैं। यूजर्स अगर अपनी डिवाइस कहीं से कनेक्ट करते हें तो उन्हें सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी भी तरह की सुविधा लेने के लिए सिक्योरिटी के साथ समझौता नहीं करना चाहिए।

गैजेटस का अधिक इस्तेमाल करने के 7 बड़े नुकसान

  • नींद न आना
  • आंखें लाल रहना
  • आंखों में सूखापन
  • रोशनी कम होना
  • मेमोरी घटना
  • डिप्रेशन में रहना
  • मोटापा बढ़ना

20-20-20 फॉर्मूला बरकरार रखेगा आपकी आंखों की सेहत

  • 20 मिनट स्क्रीन पर देखने के बाद 20 फीट दूर किसी खिड़की, पेड़ आदि को 20 सेकंड तक देखें। फिर वापस काम शुरू करें

गैजेट्स का इस्तेमाल करते समय ये बातें ध्यान रखें

  • लैपटॉप की स्क्रीन और आंखों के बीच 26 इंच की दूरी जरूरी
  • मोबाइल स्क्रीन और आंखों के बीच 14 इंच की दूरी होनी चाहिए
  • आंखों को दिनभर में 4 से 5 बार पानी से जरूर धोएं
  • गैजेट्स का इस्तेमाल बेवजह करने से बचें

खानपान में ये चीजें बढ़ाएं

  • पत्तेदार सब्जियां: इनमें मौजूद विटामिन-सी और फोलेट भी होता है जो विजन लॉस को कम करता है
  • नट्स: ओमेगा-3 और विटामिन-ई आंसुओं के निर्माण को बेहतर करता है और सूखापन घटाता है
  • फलियां: इसमें मौजूद फाइबर, प्रोटीन, फोलेट और जिंक आंखों को नुकसान से बचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *