नशा बिक्री की रकम और तस्करी में इस्तेमाल क्रेटा गाड़ी जब्त
मामा मंदिर का सेवादार, भांजा हत्या का आरोपी
श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने कल देर रात को एक क्रेटा गाड़ी में सवार मामा-भांजा को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ चिट्टा (हेरोइन)सहित गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि सूरतगढ़ में श्रीगंगानगर मार्ग पर भगवानसर ओवरब्रिज के समीप कल देर रात क्रेटा गाड़ी में जाते गिरफ्तार प्रमोद (28) पुत्र राजेंद्र निवासी पोहडका थाना ऐलनाबाद जिला सिरसा (हरियाणा) और पूर्णराम शर्मा (36) पुत्र प्रेमराम निवासी हरिपुरा थाना श्रीबिजयनगर के कब्जे से 68 ग्राम चिट्टा और इसकी बिक्री के 31 हजार 110 बरामद हुए। इनकी क्रेटा गाड़ी (एचआर 44-एल 3164) जब्त कर ली गयी है। तस्करों को पकड़ने वाले सब इंस्पेक्टर मोटाराम ने बताया कि यह दोनों मामा-भांजा हैं। मामा पूर् राम अपने गांव हरिपुरा में एक मंदिर का सेवादार है। पिछले काफी समय से सूरतगढ़ में न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक मकान में किराए पर रह रहा उसका भांजा प्रमोद सिरसा जिले के बड़ागुढा थाना क्षेत्र में हुए एक कत्ल के मामले का आरोपी है। वह कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से छूट कर आया है।कल देर रात पकड़े जाने पर की गई पूछताछ में खुलासा हुआ कि मामा-भांजा पंजाब के फिरोजपुर से चिट्टा ला कर सूरतगढ़ में बेचने का काम कर रहे थे। उन्होंने फिरोजपुर में किसी गुरजीतसिंह नामक व्यक्ति से चिट्ट लाना बताया जो कि फिरोजपुर के आसपास ही किसी गांव का रहने वाला है। उससे इनकी व्हाट्सएप कॉल पर ही बातचीत होती है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रमोद जब हत्या के मामले में जेल में था, तब उसे गुरजीत सिंह द्वारा नशीले पदार्थों की सप्लाई किए जाने के बारे में पता चला था। जेल से छूटने के बाद वह गुरजीतसिंह के संपर्क में आया और उससे चिट्टा लाकर सूरतगढ़ में बेचने लगा।बरामद किए गए चिट्टा के बारे में मामा भांजा ने बताया है कि वे परसों ही फिरोजपुर जा कर आए थे। वे पहली बार ही गुरजीतसिंह से नशीला पदार्थ गाना बता रहे हैं, लेकिन पुलिस को आशंका है कि इससे पहले भी ये नशीले पदार्थ लाते रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि इनके द्वारा सूरतगढ़ में नशा करने वालों को चिट्टा व अन्य नशीले पदार्थों की गुपचुप बिक्री करने का पता चलने पर पुलिस द्वारा गुप्त नजर रखी जा रही थी। कल देर रात इन को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। बरामद की गई क्रेटा गाड़ी में उसके कागजात नहीं मिले। पुलिस के मालिक का भी पता लगा रही है। प्रारंभिक तौर पर पता चला है कि यह गाड़ी प्रमोद ही पिछले काफी समय से चला रहा था। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए मुकदमे की आगे जांच राजियासर थाना प्रभारी पवन कुमार को सौंपी गई है।
अवैध पिस्तौल और अफीम सहित दो गिरफ्तार
इस बीच सादुलशहर थाना क्षेत्र में कल देर रात को पुलिस ने दो युवकों को अवैध पिस्तौल तथा अफीम रखने के आरोप में गिरफ्तार किया।पुलिस सूत्रों के अनुसार सादुलशहर में संगरिया मार्ग पर चक 4-केआरडब्ल्यू के पास कल देर रात पैदल जा रहे जगदीपसिंह पुत्र कश्मीरसिंह निवासी वार्ड नंबर 13 को कार्यवाहक थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुरेश ने काबू किया। उसके कब्जे से 100 ग्राम अफीम बरामद हुई। इससे कुछ देर पहले एएसआई कुलवंतसिंह ने कस्बे में गोगामेडी के नजदीक पुलिया के पास पैदल जा रहे अमित सिंह उर्फ जॉर्डन राजपूत पुत्र सोहनसिंह निवासी सादुलशहर को काबू किया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक पिस्तौल और एक जीवित कारतूस बरामद हुआ। इन दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अफीम और अवैध हथियार के बारे में पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है।