जयपुर
दो सीटों पर हो रहे विधानसभा उपचुनावों की वोटिंग की तारीख नजदीक आने के साथ ही सियासी सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। उपचुनावों के बीच बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया का जुबान फिसलने का एक वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस को बीजेपी पर कटाक्ष करने का मौका मिल गया है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को खूब शेयर किया जा रहा है। वीडियो में सतीश पूनिया धरियावद से कन्हैयालाल मीणा को बीजेपी उम्मीदवार बताते हुए जीत का दावा कर रहे हैं, जबकि यहां से खेत सिंह मीणा बीजेपी उम्मीदवार हैं।
सतीश पूनिया का कल जन्मदिन था। इस मौके पर पूनिया के समर्थक बड़ी संख्या में जयपुर में जुट थे। इसी शक्ति प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए का यह वीडियो है। वीडियो में पूनिया कह रहे हैं कि धरियावद की जनता कन्हैयालाल मीणा के पूरे समर्थन में खड़ी है और हम लोग पूरी मजबूती से जीतेंगे। इस वीडियो पर कांग्रेस समर्थक सतीश पूनिया को सोशल मीडिया पर ट्रोल कर रहे हैं।