पुरुष की जींस पैंट में बटवा और मोबाइल फोन मिले
श्रीगंगानगर। जिला मुख्यालय के समीप गंग कैनाल की बारहमासी नहर के नेतेवाला हैड पर आज दोपहर आपस में बंधे हुए महिला-पुरुष और एक बालक के शव मिले। इसकी सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सदर थाना और चूनावढ थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।लाशों को मौके की कार्रवाई के बाद जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवाया गया है। तीनों मृतक पंजाब का निवासी होने की आशंका है। पुरुष के पहने जींस पैंट की जेब में एक बटुआ और मोबाइल फोन मिला है। बटुए में सिर्फ तीन सौ रुपए थे जबकि मोबाइल फोन के सिम कार्ड तथा कॉल डिटेल से पुलिस तीनों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह 10:30 बजे श्रीगंगानगर हनुमानगढ़ मार्ग पर नाथांवाली के समीप गंग कैनाल की बारहमासी नहर में लोगों ने एक महिला और एक पुरुष के शव तैरते हुए देखें। पुल पर लोगों की काफी भीड़ लग गई। दोनों के एक-एक हाथ रस्सी से बंधे हुए थे।पुरुष की कमर में केसरिया रंग का कपड़ा बंधा हुआ था। उसकी लाश उल्टी कर रही थी। लोगों की सूचना पर पुलिस उप अधीक्षक (शहर) अरविंद बैरड और सदर थाना प्रभारी हनुमान बिश्नोई दलबल सहित नाथांवाली पहुंचे। तब तक लाश तैरते हुए आगे नेतेवाला हैड की तरफ निकल गई थी सदर थाना पुलिस ने नेतेवाला हैड से लगभग 300 मीटर पीछे लाशों को बाहर निकलवाया तो पुरुष की लाश के साथ एक बालक की भी लाश बंधी हुई थी। पुरुष की लाश उल्टे तैरते रहने के कारण बालक की लाश दिखाई नहीं दी थी।
एक साथ तीन लाशें मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। काफी संख्या में लोग नेतेवाला हैड पर इकट्ठे हो गए। सदर थाना पुलिस ने पुरुष की लाश उल्टी ही निकालवाई। उसके पहनी नीले रंग की जींस पैंट की पिछली जेब में बटुवा दिखाई दिया,जिसे निकालने पर सिर्फ 300 मिले। इसके अलावा बटुए में कुछ नहीं मिला। लाश उल्टी होने के कारण जींस पैंट की आगे वाली जेब में मोबाइल फोन होने का पुलिस को पता नहीं चला। यह घटनास्थल चूनाववढ़ थाना क्षेत्र का होने के कारण इसकी सूचना संबंधित थाना को दी गई।एक साथ नहर में तीन शव मिलने का पता चलने पर जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहीराम बिश्नोई नेतेवाला हैड पर पहुंचे। इसी दौरान चूनावढ़ थाना प्रभारी परमेश्वर सुथार भी दलबल सहित मौके पर पहुंच गए।श्रीगंगानगर से पुलिस उप अधीक्षक (ग्रामीण) भंवरलाल मेघवाल भी बाद में घटनास्थल पर पहुंचे। नेतेवाला के सरपंच विनोद ताखर भी घटनास्थल पर आए।
अत्यंत गली सड़ी हालत में होने के कारण लाशों का मौके पर ही पोस्टमार्टम करवाने का विचार किया गया। इसके लिए चिकित्सकों को मौके पर ही आने के लिए कह दिया गया। इसके अलावा घटनास्थल पर जिला मुख्यालय से एमओबी तथा विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल)की टीम को भी बुलवाया गया।इसी दौरान पुलिस ने पुरुष की लाश को सीधा करवाया तो आगे वाली जेब में मोबाइल फोन दिखाई दिया। उसकी जेब में लावा कंपनी का गोल्डन कलर की-पैड वाला एक मोबाइल फोन मिला। इस पर तुरंत ही अधिकारियों ने निर्णय किया कि अभी पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा। लाशों को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में शिफ्ट करवाने का निर्णय किया गया। हैढ पर पहुंच चुकी एफएसएल और एमओबी की टीमों को वापस भेज दिया गया। डीएसपी भंवरलाल मेघवाल ने बताया कि शिनाख्त के लिए कम से कम 72 घंटे लाशों को मुर्दाघर के डीप फ्रीजर में रखवाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह लाशें 2 से 3 दिन पुरानी है। संभव पुरुष और महिला ने बच्चे के साथ सामूहिक आत्महत्या की है। पुरुष और महिला के हाथ जहां रस्सी से बंधे हुए थे, वही बालक को पुलिस ने केसरिया रंग के दुपट्टे से अपनी कमर से बांधा हुआ था।बच्चे की आयु 4 से 5 वर्ष है। पुरुष करीब 30 वर्षीय और महिला 25 वर्ष की प्रतीत हो रही है। पुरुष ने नीले रंग की जींस पैंट, ब्राउन कलर की जुराबें, सफारी कलर के जूते, ऑरेंज कलर की चैकदार शर्ट पहनी हुई है। यह कपड़े और वस्तुएं ब्रांडेड कंपनी की लग रही हैं। उसके एक हाथ में लोहे का कड़ा भी था। युवती ने फिरोजी रंग का कढ़ाईदार सूट पहना हुआ था। उसकी सलवार लाश पानी में तैरते रहने के कारण कट फट गई। दोनों हाथों में नया लाल रंगन का चूड़ा भी पहना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक शिनाख्त नहीं होती तब तक यकीन से नहीं कहा जा सकता कि यह पति पत्नी और उनका बच्चा है। पंजाब के समीपवर्ती फाजिल्का, फिरोजपुर, बठिंडा और मुक्तसर जिलों की पुलिस को यह तीन लाशें मिलने की सूचना विशेष रूप से दी गई है। इन जिलों की पुलिस से एक साथ तीन व्यक्तियों के लापता होने की कोई रिपोर्ट दर्ज हुई है या नहीं, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
मोबाइल फोन की जांच पड़ताल
चूनावढ थाना प्रभारी परमेश्वर सुथार ने बताया कि मोबाइल फोन के ईएमआई नंबर और उसमें लगे सिम कार्ड के नंबर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में साइबर सेल को भेजे गए हैं। साइबर सेल जांच पड़ताल में जुट गया है।सिम कार्ड के नंबर से पता लगाया जा रहा है कि यह किसके नाम पते पर लिया हुआ है। उसकी कॉल डिटेल भी निकालने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। ईएमआई नंबर से पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लावा कंपनी का गोल्डन कलर का यह मोबाइल फोन किस दुकान से किसको कब बेचा गया था। तीनों लाशों की तस्वीरें भी पंजाब पुलिस को विशेषकर भेजी गई हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल गांव के एक व्यक्ति की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है।