Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गर्मी की मार, बढ़े उल्टी-दस्त के मरीज

  • जिला अस्पताल की ओपीडी में ऐसे लक्षण वाले मरीजों की संख्या में इजाफा
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिले में बढ़ती गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ने लगा है। अस्पतालों की ओपीडी में डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) से लेकर उल्टी, सिरदर्द, तेज बुखार, पेट दर्द, डायरिया की परेशानी लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। ओपीडी में ऐसे लक्षण वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। इस बार गर्मी भी जल्दी शुरू हो गई है, जिस कारण यह वृद्धि दिख रही है। शरीर में इलेक्ट्रोलाइट के असंतुलित होने पर दस्त और रक्तचाप के कम होने की समस्या मरीजों में देखने को मिल रही है। इनमें ज्यादातर ऐसे मरीज हैं, जो दिनभर बाहर धूप में रहकर काम करते हैं। कार्य स्थल तक पहुंचने के लिए गर्मी में पैदल चलते हैं। ऐसे लोगों में गर्मी का प्रभाव ज्यादा देखने को मिलता है। चिकित्सकों की मानें तो पिछले दो वर्षों में कोविड के कारण समय-समय पर लॉकडाउन की वजह से लोग घरों से बाहर कम निकलते थे। इसलिए इनके मामले कम आए थे। इस वर्ष हालात सामान्य होने के बाद लोग रोजमर्रा के कार्यों के लिए निकल रहे हैं। साथ ही पिछले वर्षों की तुलना में लू पहले से चलना भी एक बड़ा कारण है। जिला अस्पताल के डॉ. बृजेश गौड़ ने बताया कि गर्मी के सीजन में लू का वातावरण बन रहा है। आगामी दिनों में धीरे-धीरे गर्मी के साथ तापमान में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में गर्मी से संबंधित रोग उल्टी, दस्त, पेट दर्द, हल्के बुखार के मरीज आ रहे हैं। हालांकि अभी उनकी संख्या अधिक नहीं है। नागरिकों को आने वाले दिनों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। गर्मी से बचाव रखें। घर से निकलते समय सिर-मुंह को ढककर रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें। गर्मी लगने पर ओआरएस का घोल बनाकर पिएं। पेय पदार्थांे का अधिकाधिक सेवन करें। रात्रि को बना हुआ भोजन सुबह न खाएं। गर्मी लगने का लक्षण नजर आने पर तुरंत चिकित्सक से सम्पर्क करें। जिला अस्पताल के डीसी डॉ. चन्द्रमोहन ढालिया ने बताया कि गर्मी के मौसम के चलते ओपीडी में कुछ बढ़ोतरी हुई है। महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग दो मेडिसिन वार्ड बने हुए हैं। इनमें 26-26 बेड लगे हुए हैं। अलग से एक और वार्ड निर्धारित किया गया है। यदि मरीज बढ़ते हैं तो उस वार्ड में शिफ्ट किए जाएंगे।