बीकानेर
बीकानेर के सत्तासर गांव में एक नाबालिग जलता हुआ ट्रेलर गांव में लेकर पहुंच गया। चारे से भरे ट्रेलर में आग देखते ही गांव वालों की सांसें फूल गई। इस ट्रेलर को एक नाबालिग चला रहा था, जो ट्रेलर मालिक का बेटा है। ड्राइवर ट्रेलर को गांव के बीच में छोड़कर फरार हो गया। वहां मौजूद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
मामला सामने आने के बाद अब पुलिस कार्रवाई करने में जुट गई है। चारे से भरे ट्रेलर में आग देखते ही ग्रामीणों ने रोकने की भी कोशिश की, लेकिन वह रुका नहीं। इसके बाद ग्रामीण पीछे भागे और ट्रेलर को रूकवाया। इस दौरान करीब 2 घंटे तक गांव में दहशत का माहौल बना रहा।
छत्तरगढ़ थानाधिकारी जयकुमार भादू ने बताया कि शनिवार की देर रात नहर के पास से होकर एक ट्रेलर सत्तासर की तरफ आया। रास्ते में 11 हजार केवी की हाई टेंशन लाइन को छूते ही चारे से भरे ट्रेलर में आग लग गई। नाबालिग ड्राइवर उसे सुनसान इलाके में ले जाने के बजाया गांव के बीच ले आया। इस पर वहां मौजूद ग्रामीण चिल्लाने लगे, लेकिन नाबालिग गांव के बीच जलते हुए ट्रेलर को दौड़ाता रहा।
थाना अधिकारी ने बताया कि ट्रेलर बीकानेर के ही जांगलू निवासी हरीराम पुत्र पन्नाराम बिश्नोई का है। ट्रेलर मालिक को बुलाया गया है। ड्राइवर के बारे में पूछताछ की जा रही है।