Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गाय के मुंह में पोटाश डालने का मामला, आरोपी हिरासत में

  • हिन्दू संगठनों के प्रतिनिधियों ने तत्परता से कार्रवाई के लिए पुलिस को दिया धन्यवाद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र में स्थित वार्ड 58 में गाय के मुंह में पोटाश डालने से हुए विस्फोट से जबड़ा जख्मी होने के घटनाक्रम के संबंध में पुलिस ने रविवार देर रात मुकदमा दर्ज लिया। मामले में जंक्शन पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता के अलावा गोवंश अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच सुरेशिया पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई भूपसिंह कर रहे हैं। उधर, इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करने पर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के प्रतिनिधियों ने प्रांत सह संयोजक आशीष पारीक के नेतृत्व में सोमवार को जंक्शन पुलिस थाना पहुंच थाना प्रभारी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर बजरंग दल व विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत सह संयोजक आशीष पारीक ने बताया कि किसी असामाजिक तत्व ने सुरेशिया क्षेत्र में एक गाय के मुंह में विस्फोटक पदार्थ डाल दिया। इससे गाय का मुंह फट गया। वह गाय गम्भीर रूप से घायल हो गई। इसकी सूचना रात्रि को जंक्शन पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही आरोपी को राउंडअप कर लिया। इसलिए वे थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई को धन्यवाद देने आए हैं कि उन्होंने तुरंत फैसला लेते हुए एक नजीर पेश की है कि कोई भी व्यक्ति इस तरह का जघन्य अपराध या पाप करेगा उसके खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई ने बताया कि रविवार रात्रि को सूचना मिली थी कि सुरेशिया के वार्ड 58 में किसी व्यक्ति ने गाय के मुंह में पोटाश डाल दिया है। इससे गाय का जबड़ा जख्मी हो गया है। सूचना मिलने पर वे स्वयं व सुरेशिया चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पता किया तो जानकारी मिली कि सदाम खां पुत्र रमजान खां निवासी वार्ड 58, सुरेशिया की पालतू गाय सुखासिंह रायसिख नाम के व्यक्ति के घर चली गई थी। सुखासिंह ने गाय के मुंह में पोटाश डाल दिया। विस्फोट होने से गाय का जबड़ा जख्मी हो गया। सदाम ने थाना पहुंचकर सुखासिंह के खिलाफ रिपोर्ट दी। रिपोर्ट पर सुखासिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। उससे अनुसंधान किया जा रहा है। इसके अलावा गोशाला में जाकर गाय के इलाज के बारे में मालूमात की गई। डॉक्टरों से विचार-विमर्श किया गया। उन्हें गाय के समुचित इलाज की व्यवस्था करने को कहा गया है। थाना प्रभारी के अनुसार अभी तक की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गाय का मालिक गाय को खुली छोड़ देता था जो वार्ड में इधर-उधर घूमती थी। एक-दो बार पहले भी यह गाय सुखासिंह के घर चली गई थी। सुखासिंह ने घर में बाड़ी में सब्जियां आदि उगा रखी हैं। सब्जियां खराब करने से नाराज होकर सुखासिंह ने गाय के मुंह में पोटाश डाल दिया। इस मौके पर कुलदीप नरुका, सुनील सुथार, देवेश राव, चंदू राव, पारस, रजत राव, सौरभ आदि मौजूद थे।