श्रीगंगानगर
शहर में रविवार को स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में हुए गुरु गोबिंद सिंह जयंती कार्यक्रम पर कोविड का असर नजर आया। सिख समुदाय के इस प्रमुख आयोजन में पिछले वर्षों में काफी लोगों की भागीदारी रहती रही है, लेकिन कोविड फैलने के बाद रविवार को आयोजकों ने आयेाजन बेहद सीमित रखा। सामान्यत: आयोजन में इतने लोग शामिल होते हैं कि गुरुद्वारे में पांव रखने की जगह नहीं रहती लेकिन रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रही। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह अखंड पाठ के भोग से हुई। यहां भाई गोपालसिंह और भाई हरविंद्रसिंह हीरा ने गुरु की महिमा गाई। गुरुद्वारे में मौजूद लोगों के लिए लंगर का प्रबंध भी किया गया।
कोविड नियमों की पालना जरूरी
गुरुद्वारा प्रबंध समिति अध्यक्ष जतिंद्रपालसिंह ने बताया कि पिछले वर्षों में इस आयोजन में इतने लोगों की भागीदारी रहती रही है कि गुरुद्वारा परिसर में हर तरफ श्रद्धालु ही नजर आते हैं। इसके बावजूद इस बार कोविड को देखते हुए बेहद सामान्य आयोजन रखा गया। गुरुद्वारे में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए तो दर्शन और लंगर दोनों की व्यवस्था रखी गई लेकिन समय-समय पर कोविड नियमों की पालना का अग्रह किया जाता रहा। पिछले वर्षों में श्रीगंगानगर के बाहर के रागी जत्थे आयोजन में आमंत्रित किए जाते रहे हैं लेकिन इस बार केवल गुरुद्वारे के हुजूरी रागी जत्थे और गुरुद्वारा श्री गुरुनानक दरबार के रागी जत्थे ने ही गुरु की महिमा गाई।