छात्र बोले- स्थाई संबद्धता की मिले गारंटी, अथवा वापस लौटाई जाए फीस
by seemasandesh
एनएम लॉ कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य कक्ष के बाहर नारेबाजी कर दिया सांकेतिक धरना, सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन के नेहरू मेमोरियल विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय को स्थाई संबद्धता दिलाने की मांग लगातार मुखर होती जा रही है। इस मांग को लेकर पिछले कुछ दिनों से कॉलेज के छात्र-छात्राओं का आंदोलन जारी है। सोमवार को एक बार फिर एनएम लॉ कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य कक्ष के बाहर सांकेतिक धरना देकर व नारेबाजी कर कॉलेज को स्थाई संबद्धता न मिलने का विरोध किया। साथ ही प्राचार्य को ज्ञापन सौंप कहा कि या तो कॉलेज प्रशासन छात्र-छात्राओं को लिखित में स्थाई संबद्धता की गारंटी दे, अथवा उनकी फीस वापस लौटाई जाए। प्राचार्य कक्ष के सामने विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने कहा कि उन्होंने जून 2020 में कॉलेज में एडमिशन लिया था। लेकिन अभी तक कॉलेज को स्थाई संबद्धता नहीं मिली है। इस कारण कॉलेज में अध्ययनरत 400 छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है। पूछने पर कॉलेज प्रशासन की तरफ से अब तक आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। लेकिन अब वे आश्वासन से नहीं मानने वाले। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की ओर से वितरित किए गए आई-कार्ड में यह दशार्या गया है कि कॉलेज, डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध है लेकिन अभी तक कॉलेज को स्थाई संबद्धता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि राजस्थान के सभी लॉ कॉलेजों को डॉ. भीमराव अम्बेडकर लॉ यूनिवर्सिटी के अधीन कर दिया गया है। किंतु हनुमानगढ़ के नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय को इस यूनिवर्सिटी की ओर से स्थाई मान्यता देना तो दूर अस्थाई मान्यता भी नहीं दी गई है। यही कारण है कि यूनिवर्सिटी की ओर से जो परीक्षा फार्म भरवाने शुरू किए गए थे वे फार्म उनके कॉलेज के छात्र-छात्राएं नहीं भर सके। उन्होंने मांग की कि या तो कॉलेज प्रशासन हमें लेटर पेड पर लिखित रूप में कॉलेज की स्थाई संबद्धता की गारंटी दे, अन्यथा सभी छात्र-छात्राओं की फसल व अन्य खर्चा, हजार्ने सहित वापस लौटा दे। साथ ही यह बताए कि अभी तक कॉलेज को स्थाई संबद्धता क्यों नहीं मिली। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो मजबूरन छात्रों को आन्दोलन तेज करना पड़ेगा। इस मौके पर पार्षद व छात्र सुनील अमलानी, गोविन्द बंसल, अश्वनी गर्ग, जसप्रीत सिंह, आकाश स्वामी, हिमांशु शर्मा, रितेश कुमार, विक्रम, राजेश, अमरसिंह, मनदीप कौर, सुनील टाक, पीयूष मोंगा, श्रेयांश, गौरव, भूमिका, आफताब, शिखा, पूनम, ममता, सोनू, राहुल, सन्दीप कुमार, अजय सिंह, रजनी गोदारा, अनिता गर्ग, साक्षी बंसल, विकास बंसल सहित कई अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद थे। गौरतलब है कि स्थाई संबद्धता की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने करीब एक सप्ताह पहले भी कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन किया था। तब भी मांग के संबंध में प्राचार्य को ज्ञापन भी सौंपा था। साथ ही जिला कलक्टर को भी इस संबंध में मांगपत्र सौंपा था।