ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो जनों की मौत का मामला हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन में चुंगी नम्बर आठ के पास ट्रक की टक्कर लगने से जान गंवाने वाले बाइक सवार दोनों जने जागरण में भजन गायन का कार्य करते थे। मंगलवार रात्रि को भी वे दोनों जागरण करने जा रहे थे कि रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। जंक्शन पुलिस ने बुधवार को टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय के मोर्चरी कक्ष में रखे मृतक राकेश (25) पुत्र हेतराम मेघवाल निवासी जोड़कियां व मुकेश (35) पुत्र हंसराज निवासी धोलीपाल के शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिए। इस संबंध में जंक्शन पुलिस की ओर से मृतक राकेश मेघवाल के भाई राजूराम की रिपोर्ट पर ट्रक चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार राजूराम की ओर से दर्ज करवाई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि उसका छोटा भाई राकेश कुमार व उसका दोस्त मुकेश मिरासी दोनों जागरण में भजन गायन का कार्य करते थे। मंगलवार रात्रि को दोनों जने मोटर साइकिल पर सवार होकर जागरण करने गांव करणीसर जा रहे थे। सूरतगढ़ रोड पर चुंगी नम्बर 6 के पास पहुंचे तो ट्रक नम्बर आरजे 07 जीसी 1232 ने तेज गति व लापरवाही से वाहन को चलाते हुए मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों जने बाइक सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मुकेश को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दौराने इलाज मुकेश भी मौत हो गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। बुधवार को एएसआई मघरसिंह व रतनलाल ने शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई। इस दौरान थाना प्रभारी नरेश गेरा भी मौजूद रहे।