जल्द ही राकेश ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी फिल्म तूफान में नजर आने वाले फरहान अख्तर के हाथ अब एक और बेहतरीन प्रोजेक्ट लग गया है। इस प्रोजेक्ट में फरहान पहली बार सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आने वाले हैं। खास बात ये है कि एक्टर का अपकमिंग प्रोजेक्ट एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म है जिसे फरहान और सलमान के पिता जावेद खान और सलीम खान की हिट राइटर जोड़ी पर बनाया जा रहा है। सलीम-जावेद की जोड़ी ने एक साथ मिलकर शोले, जंजीर, दीवार, शक्ति, त्रिशूल और डॉन जैसी फिल्मों के लिए राइटिंग की है जिनका सफर अब डॉक्यूमेंट्री के जरिए दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।
सलमान खान के साथ काम करने पर एक्साइटेड हैं फरहान
ये पहली बार है जब फरहान, सलमान खान के साथ नजर आएंगे। इस पर एक्टर ने पिंकविला से बातचीत में कहा, मैं और सलमान पहले भी साथ काम करने वाले थे लेकिन दुर्भाग्य से बात नहीं बन पाई थी। अब हमने दोबारा हाथ मिला लिया है। मेरे ख्याल से ये प्रोजेक्ट किसी और फिल्म से ज्यादा स्पेशल होने वाला है क्योंकि हम दोनों सलीम अंकल (सलीम खान) और मेरे पिता (जावेद खान) की बतौर राइटर पार्टनरशिप पर बन रही डॉक्यूमेंट्री में साथ नजर आने वाले हैं। सलमान खान के साथ कोलेबोरेट करना मेरे लिए बेहद अद्भुत है। मैं इसके लिए बहुत एक्साइटेड हूं।
जब एक्टर से पूछा गया कि क्या फिल्म के लिए फीमेल लीड भी फाइनल कर ली गई है, तो इसके जवाब में एक्टर ने कहा, चीजें अपने आप ही सामने आ जाएंगी और जब सही समय आएगा तो हम इसके बारे में भी पूरी जानकारी के साथ बात करेंगे।
फरहान अख्तर 16 जुलाई को रिलीज होने वाली तूफान में एक बॉक्सर की भूमिका में नजर आने वाले हैं, जिसे राकेश ओमप्रकाश मेहरा द्वारा निर्देशित किया जा रहा है। इस फिल्म को अमेजन प्राइम पर रिलीज किया जाएगा। तूफान से पहले फरहान राकेश ओमप्रकाश के साथ भाग मिल्खा भाग में काम कर चुके हैं। फरहान के अलावा फिल्म में मृणाल ठाकुर और परेश रावल भी अहम किरदार निभा रहे हैं।