आठ पुलिस थानों की मादक-नशीले पदार्थांे के खिलाफ कार्रवाई हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन के निर्देशानुसार मादक व नशीले पदार्थांे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान आॅपरेशन प्रहार के तहत जिले के अलग-अलग पुलिस थानों की टीमों ने शनिवार रात अपने-अपने थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट की ताबड़तोड़ कार्रवाई की। आठ पुलिस थानों की टीमों ने मादक-नशीले पदार्थांे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नौ जनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चिट्टा (हेरोइन), अफीम, गांजा व पोस्त बरामद किया। जिला पुलिस की इस कार्रवाई से नशीले व मादक पदार्थांे की तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कम्प मच गया। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार जंक्शन पुलिस की टीम एसआई विशु वर्मा के नेतृत्व में शनिवार रात्रि को गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने 3 ग्राम चिट्टा बरामद कर सोनूसिंह (37) पुत्र बगीचा सिंह मेहरा निवासी वार्ड 60, सुरेशिया को गिरफ्तार किया। मामले की जांच लखूवाली पुलिस चौकी प्रभारी लाल बहादुर चंद्र कर रहे हैं। सदर पुलिस थाना प्रभारी चन्द्रभान धुआं के नेतृत्व में गश्त कर रही पुलिस टीम ने डबलीराठान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए राकेश (24) पुत्र जंगीरसिंह रायसिख नामक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 185 ग्राम गांजा बरामद किया। राकेश डबलीराठान मौलवी बास के वार्ड नम्बर 8 का रहने वाला है। इस मामले की जांच गोलूवाला पुलिस थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार को सौंपी गई है। उधर, टाउन पुलिस थाना अधीन लखूवाली चौकी प्रभारी एसआई लाल बहादुर चन्द्र के नेतृत्व में गश्त कर रही पुलिस टीम ने गश्त के दौरान बाइक सवार युवक के कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की। गिरफ्तार बाइक सवार की पहचान सुभाष (22) पुत्र गुरदीप सिंह सिकलीगर निवासी रेलवे स्टेशन के नजदीक सिकलीगर मोहल्ला, टाउन के रूप में हुई। यह कार्रवाई मेगा हाइवे पर राधा स्वामी डेरा व एचएमएच नहर के पास बाइपास रोड पर की गई। मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली। इस मामले की जांच जंक्शन पुलिस थाना की सब इंस्पेक्टर विशु वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस टीम में एसआई लाल बहादुर चन्द्र के अलावा कांस्टेबल संदीप कुमार, भागचन्द व हनुमान शामिल थे।