डिपो पर राशन लेने आए विशेष योग्यजन को लाइन में खड़ा कर न करवाएं इंतजार
by seemasandesh
प्राथमिकता से सबसे पहले खाद्य सामग्री का किया जाए वितरण
विशेष योग्यजन आयोग के राज्य आयुक्त उमाशंकर शर्मा ने जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को दिए निर्देश हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। विशेष योग्यजन आयोग के राज्य आयुक्त उमाशंकर शर्मा ने गुरुवार को जंक्शन स्थित सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। इस दौरान क्षेत्र के विशेष योग्यजनों के अलावा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की ओर से राज्य आयुक्त उमाशंकर शर्मा को संगठन से जुड़ी समस्याओं से अवगत करवाया गया। इस पर राज्य आयुक्त ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। खास बात यह कि राज्य आयुक्त उमाशंकर शर्मा ने खुद खड़े होकर विशेष योग्यजनों की परिवेदनाएं सुनी। इस दौरान शर्मा ने जनसुनवाई में सर्किट हाउस आए सभी लोगों को सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में बताते हुए उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। जनसुनवाई के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए विशेष योग्यजन आयोग के राज्य आयुक्त उमाशंकर शर्मा ने बताया कि वे 17 मई से 22 मई तक के हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर दौरे के दौरान विशेष योग्यजनों से मिलकर जनसुनवाई की जा रही है। जनसुुनवाई के माध्यम से विशेष योग्यजनों के साथ अन्य संगठनों की समस्याएंं सुनी जा रही हैं। प्रयास किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में चलाई जा रही उत्कृष्ट योजनाओं का लाभ सभी प्रदेशवासियों को मिल सके। इस संबंध में अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना एक उत्कृष्ट योजना है। इसमें 10 लाख रुपए तक का इलाज नि:शुल्क होगा। साथ ही 5 लाख रुपए का दुुर्घटना बीमा भी शामिल है। बड़ी बीमारियों के इलाज इस योजना के तहत नि:शुल्क होते हैं। विशेष योग्यजनों का चिरंजीवी बीमा योजना में रजिस्ट्रेशन हुआ या नहीं, इस बारे में भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं। राज्य आयुक्त ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान विशेष योग्यजनों की समस्या सामने आई कि उन्हें बैंक से लोन नहीं मिल पा रहा। इस कारण वे अपना रोजगार नहीं कर पा रहे। इस पर लीड बैंक के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। बैंक अधिकारियों ने भी विशेष योग्यजनों को रोजगार शुरू करने के लिए उनका लोन स्वीकृत करने के लिए आश्वस्त किया है। शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योेजना राज्य सरकार की बड़ी महत्वाकांशी योजना है। यह बेहतरीन योजना है। इसके अन्तर्गत सभी विशेष योग्यजन लोन लेकर अपना रोजगार स्थापित कर सकते हैं। इस संबंध में भी जिला उद्योग केन्द्र के प्रतिनिधियों से बात कर निर्देशित किया गया। खाद्य वितरण प्रणाली के तहत भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अगर कोई भी विशेष योग्यजन राशन डिपो पर राशन लेने जाता है तो उसे लाइन में खड़ा कर इन्तजार न करवाया जाए। प्राथमिकता से उन्हें सबसे पहले खाद्य सामग्री का वितरण किया जाए। विशेष योग्यजनों के लिए अलग से कतार का चिन्हीकरण किया जाएगा ताकि वह डिपो पर आएं और राशन लेकर तुरंत घर चला जाएं। राज्य आयुक्त शर्मा ने बताया कि सरकारी भवन में आने वाले विशेष योग्यजनों के लिए रैम्प की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के सभी जिला कलक्टर को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही जरूरी उपकरण भी उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं।