Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ढाई माह बाद भी शासन-प्रशासन की तरफ से नहीं मिली आर्थिक मदद

  • भाजपा नगर मण्डल कार्यकतार्ओं ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    करीब ढाई माह पहले टाउन की बरकत कॉलोनी में गंदे पानी के नाले में डूबने से दो बच्चों की मृत्यु मामले में पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की मांग को लेकर भाजपा नगरमण्डल हनुमानगढ़ टाउन ने सोमवार को जिला कलक्टर नथमल डिडेल को ज्ञापन सौंपा। मण्डल अध्यक्ष प्रदीप ऐरी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि टाउन के वार्ड नम्बर 46, बरकत कॉलोनी में 7 जुलाई को हुई हृदय विदारक दुर्घटना में बिहारी समाज के जरूरतमंद परिवारों के दो मासूम बच्चों की नगर परिषद की ओर से बनाए गए खुले पड़े गंदे पानी के नाले में डूबने से दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। इस हादसे में बरकत कॉलोनी निवासी बबलूदास पुत्र राजकुमार दास के 6 वर्षीय पुत्र राजन कुमार तथा श्रवणदास पुत्र सीतारामदास के 7 वर्षीय पुत्र देवकुमार की जान चली गई थी। इसके बाद मृत बच्चों के परिजन 9 जुलाई को जिला कलक्टर से मिले थे। तब जिला कलक्टर ने तुरंत आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृत बच्चों के परिजनों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए थे। परंतु अभी तक परिजनों को कोई भी आर्थिक या अन्य किसी प्रकार की कोई सहायता उपलब्ध नहीं करवाई गई। उक्त दोनों बच्चों के परिवार आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर हैं एवं हनुमानगढ़ के ही मूल निवासी हैं। हादसे में अपने बच्चों को खोने वाले बबलूदास व श्रवणदास दोनों दिहाड़ी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इसमें बबलूदास के पुत्र के रूप में राजन इकलौती संतान था। दोनों मासूम बच्चों की असमय मृत्यु होने से अभी तक दोनों परिवार सदमे में हैं। दिहाड़ी मजदूरी के अलावा इनकी आय का कोई अन्य साधन नहीं है। ज्ञापन में मांग की गई कि संवेदनशीलता दिखाते हुए शोकग्रस्त बबलूदास व श्रवणदास के परिवारों को नियमानुसार मुख्यमंत्री सहायता कोष से उचित आर्थिक सहायता देकर सम्बल प्रदान किया जाए। इस मौके पर नगरमण्डल हनुमानगढ़ जंक्शन अध्यक्ष पवन श्रीवास्तव, नितिन बंसल के अलावा दोनों मृतक बच्चों के पिता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *