Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सूरतगढ़ के बाद पीलीबंगा में भी विरोध

  • पद ग्रहण करने से पहले ही बीडीओ के खिलाफ सरपंच हुए लामबंद, चौधरी की जगह किसी अन्य अधिकारी को लगाने की मांग
  • मांग न माने जाने पर प्रशासन गांवों के संग अभियान का बहिष्कार करने की दी चेतावनी
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    सूरतगढ़ पंचायत समिति में विकास अधिकारी के कार्यकाल के दौरान विवादों में रहे अभिमन्यु चौधरी का पीलीबंगा में स्थानांतरण करने का भी विरोध शुरू हो गया है। अभी नए विकास अधिकारी चौधरी ने पीलीबंगा पंचायत समिति में पद ग्रहण नहीं किया है इससे पहले ही बीडीओ के खिलाफ पीलीबंगा तहसील की ग्राम पंचायतों के सरपंच लामबंद हो गए हैं। सरपंचों ने अभिमन्यु चौधरी की जगह किसी अन्य अधिकारी को बीडीओ नहीं लगाने पर प्रशासन गांवों के संग अभियान का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में सोमवार को पीलीबंगा पंचायत समिति की सरपंच एसोसिएशन के बैनर तने ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने जिला कलक्टर नथमल डिडेल को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन अध्यक्ष व ग्राम पंचायत पंडितांवाली सरपंच कुलदीप जाखड़ के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि पीलीबंगा पंचायत समिति में विकास अधिकारी के पद पर 10 सितम्बर को अभिमन्यु चौधरी का स्थानान्तरण सूरतगढ़ पंचायत समिति से किया गया है। विकास अधिकारी अभिमन्यु चौधरी की कार्यशैली हमेशा से ही विवादास्पद रही है एवं कई जांचें विचाराधीन हैं। अभिमन्यु चौधरी का पंचायत के प्रतिनिधियों के प्रति व्यवहार अच्छा नहीं रहा है। अभिमन्यु चौधरी के सूरतगढ़ पंचायत समिति में पदस्थापन के दौरान भी पंचायत समिति के सरपंचों की ओर से दो बार वाटर हैड टंकी पर चढ़कर एवं धरना लगाकर विरोध-प्रदर्शन किया गया था। इसके चलते सूरतगढ़ में कानून व्यवस्था प्रभावित हुई थी। श्रीगंगानगर जिला परिषद के सीईओ की ओर से भी मीडिया में दिए गए बयान में विकास अधिकारी अभिमन्यु चौधरी को अनियमितता का दोषी माना गया। विकास अधिकारी अभिमन्यु चौधरी की ओर से अभी तक पीलीबंगा पंचायत समिति में पदग्रहण नहीं किया गया है। अगर अभिमन्यु चौधरी की ओर से पंचायत समिति पीलीबंगा के विकास अधिकारी पद पर पदग्रहण किया जाता है तो सरपंचों को मजबूरन प्रशासन गावों के संग अभियान का बहिष्कार करना
    पड़ेगा। साथ ही अन्य सभी कार्यांे का बहिष्कार किया जाएगा। ग्राम पंचायतों पर तालाबंदी एवं पंचायत समिति पर धरना-प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। ज्ञापन में मांग की गई कि पीलीबंगा पंचायत समिति में कर्मठ एवं ईमानदार अधिकारी की नियुक्ति की जाए ताकि पीलीबंगा पंचायत समिति में पंचायतों का विकास कार्य सुचारू रूप से जारी रहे। इस मौके पर सरपंच सुनील क्रान्ति, गोपालराम, सरपंच प्रतिनिधि जगदीश सारस्वत सहित कई अन्य सरपंच व सरपंच प्रतिनिधि मौजूद रहे। गौरतलब है कि विवादास्पद बीडीओ रहे अभिमन्यु चौधरी का पिछले दिनों सूरतगढ़ में सरपंचों की ओर से टंकी पर चढ़कर दो बार किए गए विरोध के बाद पीलीबंगा स्थानांतरण किया गया था। बीडीओ अभिमन्यु चौधरी सूरतगढ़ से स्थानान्तरण के खिलाफ हाईकोर्ट भी गए परन्तु कोर्ट से भी उन्हें राहत नहीं मिली। विवादास्पद कार्यकाल के चलते ही पीलीबंगा पंचायत समिति अधीन आने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंचों की ओर से अभिमन्यु चौधरी को पीलीबंगा लगाने का विरोध किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *