सूरतगढ़ (सीमा सन्देश)। दीपावली पर एक दिन में हुए सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। इससे आम लोगों में पुलिस के प्रति रोष फैल गया। और उन्होंने कार्यवाही की मांग की। जानकारी अनुसार जीनियस मॉडल स्कूल के पास वार्ड नं. 18 निवासी भानुप्रताप सिंह (27) पुत्र भंवरसिंह राजपूत व उसका साथी वार्ड नं. 12 निवासी राहुल बुधवार रात्रि करीब 11 बजे दीपावली पर्व पर लाइट लगाने का कार्य कर घर पर आ रहे थे। वे जब औद्योगिक क्षेत्र में सड़क के किनारे पहुंचे तो वहां खड़ा ट्रेलर अंधेरे की वजह से दिखाई नहीं दिया और टक्कर हो गई, स्कूटी ट्रेलर के पीछे फंस गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पार्षद शबनम बानो, समाजसेवी शाकिर हुसैन अपने साथियों सहित मौके पर पहुंचे और पुलिस सहायता से दोनों को ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। जहां भानुप्रताप को मृत घोषित कर दिया गया और राहुल की हालत गंभीर होने पर उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया।