Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दूसरे दिन भी जारी रहा दोनों ग्रामीणों का अनशन

  • सुनवाई न होने पर अनशन पर बैठने वालों की संख्या बढ़ाने की चेतावनी
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    श्मशान घाट की भूमि पर हुआ अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर जिला कलक्ट्रेट के समक्ष शुरू किया गया संगरिया तहसील के गांव इन्द्रपुरा के दोनों ग्रामीणों का अनशन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अनशन कर रहे महेन्द्र पाल गोदारा व अभिषेक गोदारा के समर्थन में कई ग्रामीण धरने पर भी बैठे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। दूसरे दिन भूख हड़ताल को राष्ट्रीय जाट तेजवीर सेना के तहसील अध्यक्ष सुरेन्द्र खद्दा, आत्माराम, महेंद्र गोदारा आदि ने समर्थन दिया। ग्रामीणों ने अतिक्रमण न हटाए जाने तक भूख हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी। इस मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि चक नम्बर 17 एमजेडी में चार बीघा भूमि श्मशान घाट इन्द्रपुरा के नाम से दर्ज है। उक्त चार बीघा भूमि पर लगभग 20-25 वर्षों से 8-10 लोगों की ओर से अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है। इसके चलते ग्रामीणों को अपने घर में मृत्यु होने पर अपने खेत या नजदीकी ग्राम पंचायत सिंहपुरा के श्मशान घाट में शवों का अंतिम संस्कार करने की मजबूरी है। यह समस्या गांव की बहुत बड़ी परेशानी बनी हुई है। अतिक्रमणकारियों की खुद की जमीन भी है और गांव में प्लाट भी है। उन्होंने बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर से इस संबंध में दायर डीबी सिविल रिट याचिका में श्मशान घाट एवं हड्डा रोड़ी से कब्जा हटवाने के संबंध में 27 जनवरी 2021 को आदेश दिए थे। जिला कलक्टर की ओर से कब्जा हटवाने को लेकर आदेश जारी किए गए। उसके उपरांत उच्च न्यायालय की ओर से कोर्ट की अवमानना के संबंध में 6 अगस्त को पुन: अतिक्रमण हटाने का आदेश पारित किया था। इसके उपरांत भी लगभग एक माह से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से अभी तक अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। न ही श्मशान भूमि को कब्जा मुक्त किया गया है। हर बार उनकी मांग को अनसुना कर दिया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने सुनवाई नहीं की तो सोमवार से अनशनकारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इस मौके पर विकास गोदारा, कुलदीप गोदारा, बनवारी गोदारा, भजनलाल भादू, अशोक गोदारा, भीमसेन डूडी, मनफूल गोदारा, सेवक सिंह, मोतीराम गोदारा, ओमप्रकाश गोदारा, महेन्द्र गोदारा सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *