प्री-शिविर में वितरित किए पट्टे के आवेदनों के फार्म
by seemasandesh
खांचा भूमि सहित अन्य आवेदन करवाए जमा हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राज्य सरकार के निर्देश पर नगर परिषद की ओर से 2 अक्टूबर से प्रस्तावित प्रशासन शहरों के संग अभियान के मद्देनजर शनिवार को दूसरे दिन जंक्शन के वार्ड नम्बर 14, सेक्टर नम्बर 12 स्थित सामुदायिक भवन में प्री-शिविर लगाया गया। इसमें वार्ड नम्बर 9, 10, 11, 13 व 14 के लोगों को पट्टे के आवेदनों के फार्म वितरित किए गए। कई लोगों ने खांचा भूमि सहित अन्य आवेदन जमा करवाए। शिविर में नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, निर्माण समिति अध्यक्ष व पार्षद सुमित रणवां, पार्षद मदन बाघला, प्रभारी अधिकारी एक्सईएन सुभाष बंसल ने शिविर में आए लोगों को पट्टे के आवेदनों को लेकर आवश्यक दस्तावेजों के बारे में बताया। लोगों में पट्टे बनवाने को लेकर उत्साह नजर आया। वे कच्ची बस्ती व डिनोटिफाइड कॉलोनी का पट्टा बनाने के संबंध में जानकारी लेने शिविर में पहुंचे। इस मौके पर निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रणवां ने बताया कि अभी तक सरकार की गाइड लाइन नहीं आने से कट आॅफ डेट को लेकर परेशानी सामने आ रही है। पहले जहां पट्टों के लिए 2004 के सबूत मांगे जाते थे। अब सरकार उसमें क्या बदलाव करती है यह गाइड लाइन आने के बाद ही स्पष्ट होगा। परंतु फिर भी लोगों से आवेदन लिए जा रहे हैं। गाइड लाइन आने के बाद उसी अनुसार लोगों को सहूलियतें दी जाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार की ओर से भेजी जाने वाली गाइड लाइन में पूरी छूट मिलेगी। इससे कच्ची बस्तियों सहित अन्य क्षेत्रों में रह रहे लोगों को अपने निवास के पट्टे व खांचा भूमि मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रशासन शहरों के संग अभियान में पूर्व में रही खामियां भी दूर की जाएंगी। 2 अक्टूबर को अभियान शुरू होने से पहले प्री-शिविरों में प्राप्त आवेदनों के आधार पर पट्टे तैयार कर लिए जाएंगे। 2 अक्टूबर से शुरू होने वाले अभियान में पट्टे लोगों को वितरित किए जाएंगे।