जोधपुर
अंधाधुंध रफ्तार से ऑडी कार भगा रहे 18 वर्षीय युवक ने शराब के नशे में गुरुवार रात जोधपुर के चौपासनी रोड पर तीन वाहनों को उड़ा दिया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। युवक जोधपुर में सीआई (सर्कल इंस्पेक्टर) जुल्फिकार अली का बेटा है। देर रात हुए इस हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे सीआई जुल्फिकार अली अपने बेटे जैद अली और उसके दो दोस्तों को वहां खड़े आक्रोशित लोगों से बचा कर अपने साथ थाने ले गए।
घटना चौपासनी रोड पर जीवन ज्योति नर्सिंग होम के पास की है। भ्रष्टाचार के मामले में चर्चित रहे सीआई जुल्फीकार अली का बेटा अपने एक दोस्त से कार मांगकर घूमने निकला था। वह पार्टी के बाद देर रात दो दोस्तों अफरोज और अर्चित गांधी के साथ चौपासनी की तरफ से शहर की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बेहद तेज रफ्तार के साथ आ रही ऑडी कार वहां बने एक स्पीड ब्रेकर पर जोर से उछली। तेज रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। स्पीड ब्रेकर पर तेज रफ्तार से टकराने के साथ ही कार में लगे एयरबैग खुल गए। एयरबैग खुलने से अंदर बैठे लगों की जान बच गई, लेकिन बेकाबू कार सड़क किनारे खड़े लोगों को उड़ाते हुए एक स्थान पर जाकर थम गई।